भाजपा मुख्यालय में निर्विरोध चयन की घोषणा, पीएम बोले– ‘मैं कार्यकर्ता हूं, नितिनजी मेरे बॉस हैं’
नई दिल्ली (ए)। भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। नितिन नबीन मंगलवार को भाजपा के निर्विरोध 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिए गए। भाजपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें माला पहनाकर स्वागत किया और पार्टी की कार्यकर्ता संस्कृति को रेखांकित किया।
भाजपा मुख्यालय में मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान नितिन नबीन के नाम की औपचारिक घोषणा की गई। अध्यक्ष पद के लिए कोई अन्य नामांकन दाखिल न होने के कारण नबीन को निर्विरोध चुना गया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है, जहां पद से अधिक संगठन और कार्यकर्ता को महत्व दिया जाता है। मोदी ने कहा, “लोग सोचते होंगे कि मैं कम उम्र में मुख्यमंत्री बना, देश का प्रधानमंत्री बना, लेकिन सबसे बड़ी पहचान यही है कि मैं भाजपा का कार्यकर्ता हूं। मैं मानता हूं कि नितिनजी मेरे बॉस हैं और मैं पार्टी का एक कार्यकर्ता हूं।”
प्रधानमंत्री के इस बयान को संगठनात्मक लोकतंत्र और कार्यकर्ता सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।
नव-निर्वाचित अध्यक्ष नितिन नबीन ने औपचारिक घोषणा से पहले दिल्ली के भगवान वाल्मीकि मंदिर, गुरुद्वारा बंगला साहिब और झंडेवाला मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे भाजपा मुख्यालय पहुंचे। गौरतलब है कि नितिन नबीन को इससे पहले 14 दिसंबर 2025 को पार्टी का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। सोमवार को अध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया पूरी हुई, जिसमें किसी अन्य उम्मीदवार द्वारा नामांकन न भरे जाने से उनका निर्विरोध चयन तय हो गया। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि नबीन के नेतृत्व में भाजपा संगठन को नई मजबूती मिलेगी और आगामी राजनीतिक चुनौतियों में पार्टी को स्पष्ट दिशा मिलेगी।