इंटेलिजेंस इनपुट्स और जमीनी हालात की समीक्षा, CM साय और डिप्टी CM विजय शर्मा समेत कई राज्यों के DGP मौजूद
केंद्र सरकार द्वारा तय नक्सलवाद उन्मूलन की समयसीमा नजदीक आने के बीच केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रायपुर में उच्चस्तरीय सुरक्षा बैठक शुरू की है। तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचे अमित शाह राजधानी के एक निजी होटल में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति और खुफिया इनपुट्स की गहन समीक्षा कर रहे हैं।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खात्मे को लेकर केंद्र और राज्य सरकार की रणनीति पर रायपुर में उच्चस्तरीय मंथन शुरू हो गया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने राजधानी रायपुर के मेफेयर होटल में नक्सलवाद पर हाईलेवल बैठक ली, जिसमें देशभर के कई वरिष्ठ पुलिस और अर्धसैनिक बलों के अधिकारी शामिल हुए।
दो चरणों में हो रही बैठक
बैठक के पहले सत्र में नक्सल प्रभावित इलाकों से जुड़े इंटेलिजेंस इनपुट्स की समीक्षा की जा रही है। दूसरे सत्र में जमीनी हालात, सुरक्षा अभियानों की प्रगति और आगामी रणनीति पर चर्चा होगी। बैठक का उद्देश्य अभियान को और तेज व समन्वित बनाना बताया जा रहा है।
शीर्ष नेतृत्व मौजूद
इस अहम बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा, छत्तीसगढ़ के डीजीपी के साथ ही अन्य नक्सल प्रभावित राज्यों के डीजीपी, अपर मुख्य सचिव गृह, CRPF और अन्य केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के शीर्ष अधिकारी मौजूद हैं।
नक्सल उन्मूलन की समयसीमा पर खास नजर
छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के पूर्ण खात्मे के लिए केंद्र सरकार द्वारा तय 31 मार्च 2026 की डेडलाइन अब बेहद करीब है। इस समयसीमा की घोषणा स्वयं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने की थी। अब इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए महज 51 दिन शेष बचे हैं। ऐसे में यह बैठक बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
लगातार जारी हैं अभियान
डेडलाइन के ऐलान के बाद से छत्तीसगढ़ समेत अन्य नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षाबलों द्वारा लगातार सघन अभियान चलाए जा रहे हैं। बैठक में इन अभियानों की समीक्षा के साथ आगे की रणनीति को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
पंडुम महोत्सव में भी होंगे शामिल
अपने छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान अमित शाह बस्तर में आयोजित पंडुम महोत्सव के समापन समारोह में भी शामिल होंगे। इससे पहले वे 28 से 30 नवंबर के बीच नवा रायपुर स्थित आईआईएम परिसर में आयोजित 60वें डीजीपी-आईजीपी सम्मेलन में भी शामिल हो चुके हैं।