-
पाकिस्तान ने नामीबिया को हराकर बनाई अंतिम आठ में जगह
-
ऑस्ट्रेलिया समेत कई बड़ी टीमें ग्रुप चरण में ही हुईं बाहर
-
22 फरवरी से शुरू होगा सुपर आठ, सेमीफाइनल की जंग तेज
टी20 विश्व कप 2026 का ग्रुप चरण खत्म होने से पहले ही सुपर आठ की तस्वीर साफ हो गई है। आठ टीमें अगले दौर में पहुंच चुकी हैं, जबकि 12 देशों का अभियान प्रारंभिक चरण में ही थम गया। अब 21 फरवरी से सुपर आठ के मुकाबले शुरू होंगे, जहां सेमीफाइनल की दौड़ और रोमांचक होने वाला है।
खेल (डेस्क)। टी20 विश्व कप 2026 में ग्रुप चरण के मुकाबलों ने कई उलटफेर देखे। पाकिस्तान ने नामीबिया को हराकर सुपर आठ में अपनी जगह पक्की कर ली और इसके साथ ही अंतिम आठ टीमों का समीकरण तय हो गया। अब टूर्नामेंट निर्णायक दौर में प्रवेश करने जा रहा है।
ग्रुप ए: भारत और पाकिस्तान आगे
ग्रुप ए से भारत और पाकिस्तान ने क्वालिफाई किया। भारत ने अपने तीनों मुकाबले जीतकर दबदबा दिखाया, जबकि पाकिस्तान ने चार में से तीन मैच जीतकर छह अंक जुटाए। अमेरिका, नीदरलैंड और नामीबिया की टीमें बाहर हो गईं।
ग्रुप बी: ऑस्ट्रेलिया बाहर, श्रीलंका-ज़िम्बाब्वे आगे
ग्रुप बी सबसे चौंकाने वाला रहा। श्रीलंका और जिम्बाब्वे ने शानदार प्रदर्शन कर जगह बनाई, जबकि ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम शुरुआती दौर में ही बाहर हो गई। आयरलैंड और ओमान भी सुपर आठ में नहीं पहुंच सके।
ग्रुप सी: वेस्टइंडीज और इंग्लैंड का जलवा
ग्रुप सी में वेस्टइंडीज ने लगातार तीन जीत दर्ज कर दमदार एंट्री की। इंग्लैंड ने भी तीन मुकाबले जीतकर अगले दौर में जगह बनाई। स्कॉटलैंड, इटली और नेपाल का सफर समाप्त हो गया।
ग्रुप डी: दक्षिण अफ्रीका अजेय, न्यूजीलैंड भी क्वालिफाई
ग्रुप डी में दक्षिण अफ्रीका ने चारों मैच जीतकर शीर्ष स्थान हासिल किया। न्यूजीलैंड ने भी तीन जीत के साथ जगह बनाई। अफगानिस्तान, यूएई और कनाडा टूर्नामेंट से बाहर हो गए।
भारत का सुपर आठ कार्यक्रम
भारत सुपर आठ के ग्रुप-1 में है, जहां उसका मुकाबला जिम्बाब्वे, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज से होगा।
- 22 फरवरी – दक्षिण अफ्रीका बनाम भारत (अहमदाबाद)
- 26 फरवरी – भारत बनाम जिम्बाब्वे (चेन्नई)
- 1 मार्च – भारत बनाम वेस्टइंडीज (कोलकाता)
सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए भारत को इन तीनों टीमों के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन करना होगा।
ग्रुप-2 में कड़ा संघर्ष
ग्रुप-2 में इंग्लैंड, श्रीलंका, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड शामिल हैं। चारों टीमें संतुलित और खतरनाक मानी जा रही हैं। इस ग्रुप से दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी, जिससे मुकाबले बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है। सुपर आठ चरण की शुरुआत 21 फरवरी से होगी और इसके साथ ही विश्व कप की असली जंग शुरू हो जाएगी।