ईरान–इजराइल तनाव के बीच लगातार तीन फ्लाइट रद्द, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू से लगाई मदद की गुहार
ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी पड़ रहा है। इसी कारण बिलासपुर के तीन युवक पिछले नौ दिनों से दुबई में फंसे हुए हैं। लगातार तीन बार फ्लाइट रद्द होने से उनकी घर वापसी टलती जा रही है, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई है।
बिलासपुर । छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तीन युवक इन दिनों दुबई में फंसे हुए हैं। तीनों दोस्त घूमने के उद्देश्य से दुबई गए थे, लेकिन मध्य-पूर्व में बढ़ते सैन्य तनाव और उड़ानों के प्रभावित होने के कारण उनकी भारत वापसी लगातार टलती जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, युवकों में शिवम मिश्रा, आकाश अग्रवाल और आयुष अग्रवाल शामिल हैं। तीनों कोटा क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। उनकी वापसी के लिए पहले 28 फरवरी की फ्लाइट बुक थी, लेकिन सुरक्षा कारणों से यह उड़ान रद्द हो गई। इसके बाद 3 मार्च और 5 मार्च की निर्धारित फ्लाइट भी कैंसिल कर दी गई।
लगातार तीन बार उड़ान रद्द होने के कारण तीनों युवक पिछले नौ दिनों से दुबई में ही रुके हुए हैं। फिलहाल वे एक होटल में सुरक्षित हैं और वीडियो कॉल के माध्यम से अपने परिवार से लगातार संपर्क बनाए हुए हैं।
इधर, परिजनों ने उनकी सुरक्षित वापसी के लिए भारत सरकार से मदद की गुहार लगाई है। युवक शिवम मिश्रा ने केंद्रीय राज्य मंत्री Tokhan Sahu से फोन पर बात कर स्थिति की जानकारी दी। मंत्री ने युवकों की जल्द वापसी के लिए हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।
उधर, परिवार के लोग लगातार फ्लाइट संचालन की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। परिजनों को उम्मीद है कि यदि स्थिति सामान्य रही तो आज यानी 6 मार्च को उनकी भारत वापसी संभव हो सकती है।