अकलतरा में चौथी लाइन कनेक्टिविटी कार्य के बीच बदला फैसला, कई शहरों के यात्रियों को मिली बड़ी राहत
बिलासपुर। अकलतरा स्टेशन पर चौथी लाइन कनेक्टिविटी के लिए चल रहे नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते प्रभावित रेल सेवाओं को लेकर रेलवे प्रशासन ने बड़ा संशोधन किया है। पहले 10 और 11 अप्रैल को रद्द की गई 14 ट्रेनों को अब पुनः बहाल कर दिया गया है, जिससे यात्रियों को काफी राहत मिली है।
रेलवे ने पहले कुछ ट्रेनों को आंशिक रूप से चलाने और हसदेव एक्सप्रेस को पैसेंजर के रूप में संचालित करने का निर्णय लिया था। हालांकि अब इस आदेश को निरस्त कर दिया गया है और कोरबा-रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस (18250/18249, 18252/18251) को पूर्व की तरह एक्सप्रेस श्रेणी में ही संचालित किया जाएगा।
इस निर्णय से रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, गेवरा रोड, झारसुगुड़ा और गोंदिया के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी, जो पिछले कुछ दिनों से ट्रेनों के रद्द होने से परेशान थे।
हालांकि, रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया है कि बिलासपुर जोन की 10 पैसेंजर ट्रेनें 11 अप्रैल से 27 अप्रैल के बीच अलग-अलग तिथियों में रद्द रहेंगी। इसके चलते रायगढ़, कोरबा और गेवरा रोड से आने-जाने वाले यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
दरअसल, बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन में चौथी लाइन निर्माण कार्य तेजी से जारी है। इसी के तहत अकलतरा स्टेशन पर यार्ड कनेक्टिविटी के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग का कार्य किया जा रहा है, जिसके कारण ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है।
इसके अलावा गोंदिया स्टेशन पर नए ट्रैक के निर्माण कार्य के चलते छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, गोंडवाना एक्सप्रेस और समता एक्सप्रेस भी 27 अप्रैल तक अलग-अलग तिथियों में रद्द रहेंगी।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चरणबद्ध तरीके से ट्रेनों को बहाल किया जा रहा है, ताकि निर्माण कार्य भी प्रभावित न हो और यात्रियों को भी कम से कम परेशानी हो।