पहले चरण में 23 अप्रैल को 3.6 करोड़ मतदाता करेंगे मतदान
दार्जिलिंग में भाजपा मजबूत, जलपाईगुड़ी में कांटे की टक्कर
तमिलनाडु में स्टालिन संग राहुल का प्रचार, श्रीपेरंबुदूर में राजीव गांधी को श्रद्धांजलि
देश के कई राज्यों में चुनावी हलचल तेज हो गई है। पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिलीगुड़ी में जनसभा कर भाजपा के पक्ष में माहौल बनाएंगे, वहीं तमिलनाडु में कांग्रेस नेता राहुल गांधी रोड शो के जरिए चुनाव प्रचार को धार देंगे।
नई दिल्ली (ए)। पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल चरम पर पहुंच गया है। प्रधानमंत्री Narendra Modi रविवार को अपने दौरे के दूसरे दिन सिलीगुड़ी में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे दार्जिलिंग जिले की सभी पांच और जलपाईगुड़ी जिले की सातों विधानसभा सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में वोट मांगेंगे।
इससे पहले प्रधानमंत्री ने शनिवार को पूर्व वर्धमान के कटवा, मुर्शिदाबाद के जंगीपुर और दक्षिण दिनाजपुर के कुशमंडी में चुनावी रैलियां की थीं। देर शाम सिलीगुड़ी पहुंचकर उन्होंने रोड शो के जरिए भी शक्ति प्रदर्शन किया और जनता का अभिवादन स्वीकार किया।
चुनाव आयोग के अनुसार, मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (SIR) के बाद पहले चरण में 23 अप्रैल को करीब 3.6 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इस प्रक्रिया के दौरान लगभग 91 लाख नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं, जिससे राजनीतिक सरगर्मियां और तेज हो गई हैं।
दार्जिलिंग जिले की सभी पांच सीटों पर भाजपा का कब्जा है, जहां गोरखा पहचान की राजनीति प्रभावी मानी जाती है। वहीं मैदानी इलाकों में शहरी और व्यापारिक मुद्दे हावी रहते हैं। दूसरी ओर जलपाईगुड़ी जिले में मुकाबला दिलचस्प है, जहां सात में से चार सीटों पर तृणमूल कांग्रेस और तीन पर भाजपा के विधायक हैं। यहां राजबंशी और अनुसूचित जनजाति मतदाता चुनावी समीकरण तय करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
इधर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता Rahul Gandhi रविवार को तमिलनाडु दौरे पर रहेंगे। वे मुख्यमंत्री M. K. Stalin के साथ थूथुकुडी में चुनाव प्रचार करेंगे। विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद राहुल गांधी का यह पहला तमिलनाडु दौरा होगा।
राहुल गांधी सुबह दिल्ली से चेन्नई पहुंचेंगे और श्रीपेरंबुदूर में अपने पिता Rajiv Gandhi के स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वे कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो और जनसभाएं करेंगे।
वहीं, अन्य राजनीतिक गतिविधियों के तहत TVK प्रमुख विजय कन्याकुमारी में छह विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों के समर्थन में रैली करेंगे। दूसरी ओर, बंगाल की मुख्यमंत्री Mamata Banerjee ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि उनकी उम्मीदवारी को लेकर झूठे हलफनामे दाखिल किए गए।
चुनावी बयानबाजी के बीच प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को अपने भाषण में कहा कि बंगाल में पहले अंग्रेजों, फिर कांग्रेस और वामपंथियों का अहंकार टूटा और अब जनता तृणमूल कांग्रेस को भी जवाब देगी।