ट्रैक्टर पलटने से युवक की मौत, वाहन मालिक पर एफआईआर; खनन, परिवहन और भंडारण पर निगरानी तेज
बिलासपुर जिले के खारंग नदी क्षेत्र में हुए हादसे के बाद प्रशासन ने अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। जांच पूरी होने के बाद जिम्मेदारों पर कानूनी शिकंजा कसना शुरू हो गया है।
रायपुर। बिलासपुर जिले के खारंग नदी क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से हुई युवक की मौत के मामले में जांच पूरी होने के बाद जिला प्रशासन और खनिज विभाग ने अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ सख्ती बढ़ा दी है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर संबंधित वाहन मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
खनिज अमले की टीम ने ग्राम गढ़वट में सरपंच, पंचों और ग्रामीणों की मौजूदगी में घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच में पता चला कि 8-9 अप्रैल की मध्यरात्रि दो युवक नदी क्षेत्र में गए थे, जहां ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से हादसा हुआ। इस दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शी नहीं मिलने के कारण ग्रामीणों से मिली जानकारी के आधार पर घटनाक्रम की पुष्टि की गई।
प्राथमिक जांच में ट्रैक्टर-ट्रॉली का संबंध गढ़वट निवासी तोषण कुमार कश्यप से पाया गया। इसके आधार पर रतनपुर थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। जांच के दौरान यह भी संकेत मिले कि दोनों युवक रेत उत्खनन के उद्देश्य से नदी क्षेत्र में पहुंचे थे।
हालांकि मौके पर अवैध उत्खनन के स्पष्ट साक्ष्य नहीं मिले, लेकिन कच्चे मार्ग और वाहन आवागमन के निशान इस गतिविधि की ओर इशारा करते हैं। इसके मद्देनजर प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है।
खनिज विभाग के अनुसार, जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। वर्ष 2024-25 में गढ़वट और आसपास के क्षेत्रों में 47 प्रकरण दर्ज कर करीब 6.95 लाख रुपये की वसूली की गई, जबकि वर्ष 2025-26 में अब तक 22 मामलों में 3.19 लाख रुपये से अधिक की कार्रवाई हो चुकी है। पूर्व में भी इस क्षेत्र में अवैध परिवहन के मामलों में ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए जा चुके हैं। पंचायत स्तर पर जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ कड़े निर्णय भी लिए जा रहे हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संबंधित क्षेत्रों में निगरानी और कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।