
रायपुर में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि, भारत में अवैध प्रवासियों की समस्या अब अराजकता के रूप में सामने आ रही है। राष्ट्रीयता के लिए जनसंख्या विस्फोट और धर्म परिवर्तन की कोशिशें एक गंभीर खतरे के रूप में उभर रही हैं। UCC को लागू किया जाना चाहिए।
धनखड़ राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) , भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) भिलाई, और भारतीय प्रबंध संस्थान (IIM) रायपुर के छात्रों से “बेहतर भारत बनाने के विचार” कार्यक्रम में शामिल होने रायपुर पहुंचे थे।
उपराष्ट्रपति ने मंच से खुले तौर पर कहा कि ‘कोई भी देश लाखों अवैध प्रवासियों को सहन नहीं कर सकता। हमें राजनीति से पहले हमेशा राष्ट्र को आगे रखना चाहिए। देश में अवैध प्रवासी हमारे संसाधनों, रोजगार, स्वास्थ्य क्षेत्र, और शिक्षा क्षेत्र पर दबाव डालते हैं। अवैध प्रवासियों की इस विशाल समस्या का समाधान में देर नहीं की जा सकती।
उपराष्ट्रपति ने कहा- ‘हमारे राष्ट्रीयता के लिए जनसंख्या विस्फोट एक गंभीर खतरे के रूप में उभर रहा है। सामान्य रूप से होने वाला जनसंख्या विकास शांति और सामंजस्यपूर्ण होता है, लेकिन अगर जनसंख्या विस्फोट केवल लोकतंत्र को अस्थिर करने के लिए हो, तो यह एक चिंता का विषय बन जाता है। फिर धर्मांतरण की योजनाबद्ध कोशिशें होती हैं, जो प्रलोभन के जरिए देश की जनसंख्या को बदलने का उद्देश्य रखती हैं।’