सूर्यकुमार यादव की लगातार खराब फॉर्म से चयनकर्ता चिंतित, इंग्लैंड सीरीज से पहले हो सकता बड़ा फैसला
भारतीय क्रिकेट टीम में टी20 फॉर्मेट को लेकर बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, चयनकर्ता सूर्यकुमार यादव की कप्तानी और फॉर्म दोनों से संतुष्ट नहीं हैं, जिसके चलते श्रेयस अय्यर को नया टी20 कप्तान बनाए जाने पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। आने वाली इंग्लैंड सीरीज इस बदलाव की शुरुआत बन सकती है।
नई दिल्ली (ए)। भारतीय क्रिकेट टीम के टी20 सेटअप में जल्द बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड अब भविष्य को ध्यान में रखते हुए नए नेतृत्व की ओर बढ़ने की तैयारी में है। इसी कड़ी में मौजूदा टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर को टीम की कमान सौंपी जा सकती है।
सूत्रों के मुताबिक, चयनकर्ता सूर्यकुमार यादव की हालिया फॉर्म से संतुष्ट नहीं हैं। हालांकि उनकी कप्तानी में भारत ने टी20 विश्व कप का खिताब जीता था, लेकिन पिछले कुछ महीनों में उनका व्यक्तिगत प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाया है। 35 वर्षीय सूर्यकुमार को लेकर बोर्ड अब लंबी अवधि की रणनीति पर विचार कर रहा है।
लगातार दमदार प्रदर्शन कर रहे श्रेयस
दूसरी ओर श्रेयस अय्यर लगातार अपनी बल्लेबाजी और नेतृत्व क्षमता से प्रभावित कर रहे हैं। आईपीएल 2025 में उन्होंने पंजाब किंग्स को फाइनल तक पहुंचाया, जबकि इससे पहले 2024 में उनकी कप्तानी में कोलकाता नाइट राइडर्स ने तीसरी बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की थी। यही कारण है कि टीम मैनेजमेंट उन्हें टी20 टीम के भविष्य के कप्तान के तौर पर देख रहा है।
बताया जा रहा है कि चयनकर्ता टीम में नई सोच और नई ऊर्जा लाने के पक्ष में हैं। आयरलैंड के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज और उसके बाद इंग्लैंड के विरुद्ध होने वाली पांच मैचों की टी20 श्रृंखला में कप्तानी को लेकर बड़ा फैसला लिया जा सकता है।
2028 टी20 वर्ल्ड कप पर बोर्ड की नजर
भारतीय टीम के सामने अगले कुछ वर्षों में व्यस्त टी20 कैलेंडर है। वर्ष 2028 में टी20 वर्ल्ड कप आयोजित होना है, वहीं लॉस एंजेलिस ओलंपिक में भी क्रिकेट की वापसी होने जा रही है। ऐसे में बोर्ड अभी से एक स्थायी और मजबूत टी20 टीम तैयार करने की दिशा में काम कर रहा है।
टीम इंडिया लगातार तीसरी बार टी20 विश्व कप जीतने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है और इसी रणनीति के तहत युवा खिलाड़ियों को अधिक जिम्मेदारी देने की योजना बनाई जा रही है।
सूर्यकुमार का प्रदर्शन चिंता का कारण
रिपोर्ट्स के अनुसार, हालिया टी20 विश्व कप में सूर्यकुमार यादव का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा। उन्होंने नौ पारियों में कुल 242 रन बनाए, जिनमें से 84 रन केवल अमेरिका के खिलाफ आए थे। इसके अलावा आईपीएल 2026 में भी उनका प्रदर्शन फीका रहा है।
मुंबई इंडियंस की टीम अंक तालिका में निचले पायदान पर संघर्ष कर रही है, जिससे सूर्यकुमार की कप्तानी और बल्लेबाजी दोनों सवालों के घेरे में आ गई हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में भारतीय टी20 टीम में नेतृत्व परिवर्तन की संभावना और मजबूत होती दिखाई दे रही है।