13 मई से तेज हवाओं और गरज-चमक के आसार, तापमान में 4 डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना
प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने 13 मई से कई जिलों में तेज अंधड़, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई है। हालांकि, इस बदलाव के बावजूद लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं, क्योंकि अगले पांच दिनों में तापमान और बढ़ सकता है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने मंगलवार से प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चल सकता है।
हालांकि मौसम में बदलाव के बावजूद गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है। विभाग का अनुमान है कि अगले पांच दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। सोमवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहा, जिससे दिनभर उमस और गर्मी महसूस की गई।
राजनांदगांव सबसे गर्म
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। राजनांदगांव सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
कई जिलों में असर दिखने के आसार
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक वातावरण में नमी बढ़ने और हवा के दबाव में बदलाव के कारण प्रदेश में मौसम का यह बदलाव देखने को मिलेगा। कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। शनिवार को बिलासपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई थी।
रायपुर में दिनभर गर्मी का असर
राजधानी रायपुर में मंगलवार को मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है। हालांकि दोपहर और शाम के समय आंशिक बादल छा सकते हैं। शहर का अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। गर्म हवाओं और बढ़ते तापमान के कारण लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं दिख रही है।