पांच युवकों ने तीन पर किया हमला, एक की मौत; दो घायल, पुलिस ने सभी आरोपियों को दबोचा
दुर्ग शहर में सोमवार देर रात मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गर्लफ्रेंड से बातचीत को लेकर शुरू हुए झगड़े में पांच युवकों ने तीन लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
दुर्ग। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। राजीव नगर इलाके में गर्लफ्रेंड को लेकर हुए झगड़े में पांच युवकों ने तीन लोगों पर हमला कर दिया। हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 20 वर्षीय जितेश ठाकुर निवासी राजीव नगर के रूप में हुई है। घटना केजू राइस मिल के पास रात करीब 2 बजे हुई। बताया जा रहा है कि किसी युवती से बातचीत को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ था, जो देखते ही देखते मारपीट और फिर खूनी संघर्ष में बदल गया।

घायलों की हालत गंभीर
हमले में राहुल ठाकुर और नेहरू ठाकुर भी घायल हुए हैं। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से राहुल ठाकुर की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज आरोग्यम हॉस्पिटल में जारी है।

पुलिस ने रातभर की तलाश के बाद पकड़े आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार दबिश के बाद पुलिस ने हत्या में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आई विवाद की वजह
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि युवती से बातचीत को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान गुस्से में हमला किया गया, जिसमें युवक की जान चली गई। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
इलाके में तनाव का माहौल
घटना के बाद राजीव नगर क्षेत्र में तनाव का माहौल देखा गया। पुलिस ने एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त बल तैनात किया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।