जामुल में सनसनीखेज वारदात, पड़ोसियों ने आरोपी युवक को रस्सी से बांधकर पुलिस के हवाले किया; गंभीर हालत में मां रायपुर रेफर
*Bhilai के जामुल थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने उस समय खौफनाक रूप ले लिया, जब एक युवक ने मोबाइल नहीं मिलने से नाराज होकर अपने ही माता-पिता पर हसिए से हमला कर दिया। हमले में मां गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि पिता को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए आरोपी युवक को काबू में कर रस्सी से बांध दिया और पुलिस को सूचना दी।*
भिलाई (जामुल)। जानकारी के अनुसार जामुल निवासी दिनेश साहू और उनकी पत्नी खिलेश्वरी साहू अपने बेटे राकेश साहू को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे। बताया जा रहा है कि युवक का उपचार कुरुद स्थित चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। इसी दौरान राकेश ने पिता से मोबाइल मांगा। परिजनों द्वारा बाद में मोबाइल देने की बात कहने पर वह अचानक उग्र हो गया।
पिता पर हमला, मां को भी नहीं छोड़ा
गुस्से में युवक ने घर में रखे हसिए से पहले अपने पिता पर हमला कर दिया। इसके बाद बीच-बचाव करने पहुंची मां पर भी ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में मां गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि पिता को भी चोटें आई हैं।

चीख-पुकार सुन पहुंचे पड़ोसी
घटना के दौरान घर से आवाजें सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थिति बिगड़ती देख लोगों ने अन्य पड़ोसियों को बुलाया और काफी मशक्कत के बाद आरोपी युवक को पकड़कर रस्सी से बांध दिया, ताकि वह किसी और को नुकसान न पहुंचा सके।
पड़ोसियों ने पहुंचाया अस्पताल
स्थानीय लोगों की मदद से घायल दंपती को सुपेला स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया। वहीं आरोपी युवक को भी रस्सी से बांधकर अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल खिलेश्वरी साहू को रायपुर स्थित मेकाहारा अस्पताल रेफर किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार पिता की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही Jamul थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में मोबाइल को लेकर हुए विवाद के बाद हमला किए जाने की बात सामने आई है।