Oplus_131072
ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, करोड़ों के ट्रांजेक्शन की जांच; लैपटॉप, मोबाइल, ATM और नकदी बरामद
*आईपीएल सीजन के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हैदराबाद से संचालित अंतरराज्यीय ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का खुलासा करते हुए पुलिस ने 13 सटोरियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बैंकिंग दस्तावेज और नगदी जब्त की गई है। जांच में करोड़ों रुपए के लेनदेन के संकेत मिले हैं, जबकि पूरे सिंडिकेट के आर्थिक नेटवर्क और म्यूल अकाउंट्स की भी पड़ताल की जा रही है।*
दुर्ग। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी हैदराबाद से ऑनलाइन आईपीएल सट्टे का पैनल संचालित कर रहे थे। गिरोह तकनीकी माध्यमों और फर्जी बैंक खातों के जरिए बड़े पैमाने पर ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क चला रहा था। इस मामले में संगठित अपराध की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
मास्टरमाइंड कुणाल वर्मा पर फोकस
जांच एजेंसियों के मुताबिक कुरूद निवासी कुणाल वर्मा पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। वह सट्टा पैनल खरीदने, म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराने और ट्रांजेक्शन मैनेज करने का काम करता था। पुलिस अब उसके ऊपर जुड़े बड़े नेटवर्क और फाइनेंशियल लिंक की जांच कर रही है।
करोड़ों के ट्रांजेक्शन की जांच
पुलिस को प्रारंभिक जांच में करोड़ों रुपए के संदिग्ध ट्रांजेक्शन का पता चला है। गिरोह द्वारा उपयोग किए जा रहे बैंक खातों, पासबुक और एटीएम कार्ड की जांच की जा रही है। इसके साथ ही आरोपियों की संपत्ति का ब्योरा भी खंगाला जा रहा है।
बड़ी मात्रा में सामान जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 लैपटॉप, 46 मोबाइल फोन, 23 पासबुक, 107 एटीएम कार्ड, करीब 20 सिम कार्ड और 2 लाख 57 हजार रुपए नगद बरामद किए हैं। जब्त उपकरणों की डिजिटल जांच भी की जाएगी।
इस सीजन की 14वीं बड़ी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आईपीएल सीजन के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ यह 14वीं बड़ी कार्रवाई है। लगातार हो रही कार्रवाई से ऑनलाइन बेटिंग सिंडिकेट पर शिकंजा कसने की कोशिश की जा रही है।
कई राज्यों से जुड़े आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में Durg, Bhilai, कुरूद और Bhopal के युवक शामिल हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।