1.82 लाख नकद, 12 बाइक और 19 मोबाइल जब्त; 4.34 लाख रुपए की संपत्ति बरामद
दुर्ग जिले में अवैध जुए के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंकी रिजॉर्ट के पीछे संचालित जुए की फड़ पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान 15 लोगों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया गया। मौके से नकदी, बाइक, मोबाइल फोन और ताशपत्तों सहित लाखों रुपए का सामान जब्त किया गया है।
दुर्ग-भिलाई। जिले में अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के अभियान के तहत पुलगांव पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए गोकुलधाम क्षेत्र स्थित मंकी रिजॉर्ट के पीछे संचालित जुए के अड्डे का भंडाफोड़ किया। पुलिस की अचानक हुई छापेमारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई, हालांकि घेराबंदी कर पुलिस ने 15 लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में कुछ लोग बड़े पैमाने पर ताश के पत्तों के जरिए जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि होने पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान आरोपी जुए में लिप्त पाए गए, जिन्हें तत्काल हिरासत में ले लिया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 82 हजार रुपए नकद, 52 पत्ती ताश, 12 मोटरसाइकिल, 17 टच स्क्रीन मोबाइल और 2 कीपैड मोबाइल फोन जब्त किए। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 4 लाख 34 हजार रुपए बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में सोनू चौहान, फिरोज खोखर, शब्बीर खान, मोहम्मद जावेद, मोहम्मद जुनैद, पारस चंद्राकर, अजीम अहमद, मोहम्मद जमील, एकांत साहू, जमील खान, शिवा साहू, मृत्युंजय चंद्राकर, साहिद, चंद्रपाल यादव और प्रकाश देवांगन शामिल हैं। सभी आरोपी दुर्ग एवं आसपास के क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस जुए के अड्डे का संचालन कब से किया जा रहा था और इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
पुलगांव पुलिस का कहना है कि थाना क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। भविष्य में भी ऐसी शिकायतें मिलने पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल देने की अपील की है, ताकि कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके।