विधायक ललित चंद्राकर ने किया उद्घाटन, कहा— अनुभव और गरिमा का सम्मान समाज की जिम्मेदारी
तालपुरी इंटरनेशनल कॉलोनी बी-ब्लॉक में वरिष्ठ नागरिकों के लिए समर्पित एक विशेष कक्ष की शुरुआत की गई है। स्थानीय विधायक ललित चंद्राकर ने क्लब हाउस परिसर में नवस्थापित वरिष्ठ नागरिक कक्ष का उद्घाटन कर इसे बुजुर्गों के सामाजिक, सांस्कृतिक और मनोरंजन गतिविधियों का नया केंद्र बताया। इस पहल से क्षेत्र के वरिष्ठजनों को संवाद, मेल-मिलाप और मनोरंजन के लिए अपना स्वतंत्र स्थान उपलब्ध होगा।
भिलाई। तालपुरी इंटरनेशनल कॉलोनी बी-ब्लॉक के क्लब हाउस में रविवार को वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए वरिष्ठ नागरिक कक्ष का लोकार्पण स्थानीय विधायक ललित चंद्राकर ने किया। उन्होंने वरिष्ठ नागरिक वेलफेयर एसोसिएशन के वाइस प्रेसिडेंट केकेएन सिंह एवं तालपुरी एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील चौरसिया के साथ फीता काटकर कक्ष का शुभारंभ किया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक श्री चंद्राकर ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव, ज्ञान और जीवन मूल्यों से नई पीढ़ी को निरंतर प्रेरणा मिलती है। ऐसे में वरिष्ठजनों के लिए एक ऐसा साझा मंच होना आवश्यक है, जहां वे अपने समवयस्क साथियों के साथ समय बिता सकें, विचारों का आदान-प्रदान कर सकें और सामाजिक रूप से सक्रिय बने रह सकें।

उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने वाले वरिष्ठ नागरिकों की गरिमा और सम्मान बनाए रखने के लिए ऐसे प्रयास अत्यंत सराहनीय हैं। यह कक्ष न केवल मनोरंजन का केंद्र बनेगा, बल्कि सामाजिक समरसता और आपसी जुड़ाव को भी मजबूत करेगा। विधायक ने इस पहल के लिए तालपुरी एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील चौरसिया, वरिष्ठ नागरिक वेलफेयर एसोसिएशन तथा उनकी पूरी टीम की प्रशंसा की।

कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक वेलफेयर एसोसिएशन के वाइस प्रेसिडेंट केकेएन सिंह एवं तालपुरी एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील चौरसिया ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से वरिष्ठजनों के लिए अलग कक्ष की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे अब साकार रूप मिला है।

नवनिर्मित वरिष्ठ नागरिक कक्ष में मनोरंजन एवं समय व्यतीत करने के लिए कैरम, शतरंज (चेस), लूडो सहित अन्य खेलों और सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। इससे वरिष्ठजन नियमित रूप से एकत्र होकर स्वस्थ मनोरंजन के साथ सामाजिक गतिविधियों में भी भागीदारी निभा सकेंगे।
इस अवसर पर स्थानीय पार्षद सविता धवस, तालपुरी एसोसिएशन की कार्यकारिणी, वरिष्ठ नागरिक वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्य एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।