सक्ती पुलिस ने 7 दिन में सुलझाया सनसनीखेज मामला, दो आरोपी और चोरी का सोना खरीदने वाला सराफा कारोबारी गिरफ्तार; पिछले साल हुए डबल मर्डर का भी राजफाश
सक्ती जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र में बाइक खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ विवाद बुजुर्ग दंपति की निर्मम हत्या तक पहुंच गया। आरोपियों ने रात के अंधेरे में घर में घुसकर सो रहे पति-पत्नी पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला किया और हत्या के बाद सोने के जेवर व नकदी लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने एक सप्ताह के भीतर मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों और चोरी का माल खरीदने वाले सराफा व्यापारी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में पिछले वर्ष हुए एक अन्य दोहरे हत्याकांड की गुत्थी भी सुलझ गई।
सक्ती। जिले के ग्राम सेंदुरस में 2 जून की रात हुए बुजुर्ग दंपति हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी स्केल पट्टी की सहायता से घर का दरवाजा खोलकर भीतर दाखिल हुए और बरामदे में सो रहे पुरुषोत्तम खुंटे एवं उनकी पत्नी गुहरिन बाई खुंटे पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपियों ने महिला के गले से सोने का हार, नाक की फुल्ली तथा घर की अलमारी में रखे जेवर और अन्य सामान लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

मोबाइल लोकेशन से मिला सुराग
घटना की जांच के दौरान पुलिस को मृतक का मोबाइल फोन गायब मिला। तकनीकी जांच में मोबाइल की लोकेशन खरसिया क्षेत्र में ट्रेस हुई। इसके आधार पर पुलिस ने जायसवाल ढाबे से देवकुमार यादव को हिरासत में लिया। उसके कब्जे से मृतक का मोबाइल बरामद हुआ।
कड़ाई से पूछताछ में देवकुमार ने अपने साथी रूपचरण यादव के साथ मिलकर हत्या और लूट की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।

बाइक खड़ी करने के विवाद ने ली जान
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कुछ दिन पहले मृतक पुरुषोत्तम खुंटे के साथ बाइक खड़ी करने को लेकर उनका विवाद हुआ था। इसी बात को लेकर दोनों के मन में रंजिश थी। बदला लेने के उद्देश्य से उन्होंने हत्या की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।
सराफा व्यापारी भी गिरफ्त में
जांच में खुलासा हुआ कि लूटे गए सोने के आभूषणों को आरोपी रूपचरण यादव ने जैजैपुर के एक सराफा कारोबारी को 84 हजार रुपए में बेच दिया था। पुलिस ने कारोबारी बाबूलाल साहू के घर से जेवर बरामद कर उसे भी चोरी और लूट की संपत्ति खरीदने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
सोना, नकदी और हथियार जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 9 ग्राम सोने के जेवर, 5 ग्राम पिघला हुआ सोना, 77 हजार रुपए नकद, वारदात में प्रयुक्त लोहे की रॉड तथा बाइक बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ हत्या और लूट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पिछले साल के डबल मर्डर का भी खुलासा
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने जून 2024 में मालखरौदा थाना क्षेत्र के मुक्ता गांव में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने की बात भी स्वीकार की। उस मामले में मगनलाल गबेल और बुधवारा बाई गबेल की घर में घुसकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस लंबे समय से आरोपियों की तलाश कर रही थी।
आरोपियों ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते उन्होंने उस वारदात को अंजाम दिया था और हत्या के बाद घर से आभूषण भी लूट लिए थे। इस खुलासे के साथ वर्षभर से अनसुलझे दोहरे हत्याकांड की गुत्थी भी सुलझ गई।