पुलिस की सुनियोजित रेड में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, आपत्तिजनक सामग्री और नकदी बरामद; पीटा एक्ट के तहत कार्रवाई
रायगढ़। शहर में अवैध देह व्यापार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के एक किराये के मकान में संचालित कथित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने महिला दलाल सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। ऑपरेशन में सीएसपी रायगढ़ और ट्रैफिक डीएसपी के नेतृत्व में थाना साइबर सेल तथा चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।
पुलिस को सूचना मिली थी कि चक्रधरनगर क्षेत्र के छोटे अतरमुड़ा इलाके में एक किराये के मकान से देह व्यापार का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से एक पाइंटर को मौके पर भेजा। सूचना सही पाए जाने के बाद टीम ने तत्काल दबिश दी।
छापेमारी के दौरान मकान से संदिग्ध गतिविधियां पाए जाने पर पुलिस ने मौके से एक महिला और दो पुरुषों को हिरासत में लिया। जांच के दौरान आपत्तिजनक सामग्री एवं नकद राशि भी बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला, जो कथित रूप से देह व्यापार के संचालन में संलिप्त बताई जा रही है, तथा दो ग्राहक शामिल हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना चक्रधरनगर में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम (पीटा एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शहर में देह व्यापार, मानव तस्करी और अन्य संगठित अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि समाज को प्रभावित करने वाले संगठित अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को हर हाल में कानून के दायरे में लाया जाएगा।