लोक शिक्षण संचालनालय ने किया स्पष्ट, सोशल मीडिया पर वायरल सूचना को बताया भ्रामक; अभिभावकों और विद्यार्थियों से आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील
छत्तीसगढ़ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 जून से ही शुरू होगा। सोशल मीडिया पर प्रसारित यह दावा कि स्कूलों का नया सत्र 1 जुलाई से प्रारंभ किया जाएगा, पूरी तरह भ्रामक और तथ्यहीन है। लोक शिक्षण संचालनालय ने इस संबंध में स्थिति स्पष्ट करते हुए विद्यार्थियों, अभिभावकों और आमजन से अफवाहों से बचने तथा केवल विभागीय आदेशों पर विश्वास करने की अपील की है।
रायपुर। राज्य में शैक्षणिक सत्र 2026-27 को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों के बीच लोक शिक्षण संचालनालय ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। संचालनालय द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार प्रदेश की सभी शासकीय एवं अशासकीय शालाओं में नया शैक्षणिक सत्र 16 जून 2026 (मंगलवार) से ही प्रारंभ होगा।
विभाग ने कहा है कि कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर यह भ्रामक सूचना प्रसारित की जा रही है कि विद्यालयों का संचालन 1 जुलाई 2026 से शुरू किया जाएगा। यह दावा पूरी तरह असत्य, तथ्यहीन और फर्जी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि विद्यालय संचालन की अधिकृत एवं निर्धारित तिथि 16 जून ही है और इसमें किसी प्रकार का परिवर्तन नहीं किया गया है।
लोक शिक्षण संचालनालय ने विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा आम नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट सूचनाओं पर ध्यान न दें और केवल विभाग द्वारा जारी आधिकारिक आदेशों एवं सूचनाओं को ही प्रमाणिक मानें। साथ ही अफवाहों को साझा करने से बचने की भी सलाह दी गई है।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि नए शैक्षणिक सत्र की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रदेशभर के विद्यालय 16 जून से संचालित होंगे।