100 पुलिसकर्मियों ने चलाया सत्यापन अभियान; किरायेदारों, निगरानी बदमाशों और संदिग्ध व्यक्तियों की खंगाली जानकारी
शहर में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस ने बीएसयूपी कॉलोनी में व्यापक सर्च एवं सत्यापन अभियान चलाया। करीब 100 अधिकारियों और जवानों की टीम ने 300 से अधिक मकानों की जांच कर किरायेदारों, निगरानीशुदा अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े लोगों का सत्यापन किया। अभियान के दौरान पुलिस ने लोगों को सुरक्षा संबंधी जागरूकता संदेश भी दिए।
रायपुर। अपराधियों पर शिकंजा कसने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस ने सोमवार को बीएसयूपी कॉलोनी में विशेष सर्च एवं सत्यापन अभियान चलाया। सरस्वती नगर, आमानाका और न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्रों में फैली कॉलोनी में सुबह से ही पुलिस की बड़ी टीम ने मोर्चा संभालते हुए घर-घर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल के निर्देश पर संचालित इस अभियान में करीब 100 पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त एवं सहायक पुलिस आयुक्तों की निगरानी में चलाए गए अभियान के दौरान 300 से अधिक मकानों, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों की सघन जांच की गई।
अभियान का मुख्य फोकस क्षेत्र में निवासरत निगरानीशुदा बदमाशों, आदतन अपराधियों, गुंडा सूची में दर्ज व्यक्तियों तथा संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के सत्यापन पर रहा। इसके अलावा बाहर से आकर किराये या अस्थायी रूप से रह रहे व्यक्तियों के दस्तावेजों और पहचान संबंधी जानकारी की भी जांच की गई।
पुलिस टीमों ने घर-घर जाकर रहवासियों से संवाद किया और उन्हें सुरक्षा संबंधी आवश्यक सुझाव दिए। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें तथा किरायेदारों और घरेलू सहायकों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराएं।
अभियान के दौरान चिन्हित किए गए आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को कड़ी चेतावनी भी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि इस तरह के औचक सर्च और सत्यापन अभियान का उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय पैदा करना, असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखना और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना है। रायपुर पुलिस ने संकेत दिए हैं कि आगामी दिनों में शहर के अन्य संवेदनशील इलाकों में भी इसी तरह के विशेष अभियान चलाए जाएंगे।