ओवरलाइट, अवैध शराब बिक्री और सड़क किनारे खड़े वाहनों की जांच, संचालकों को दिए गए कड़े निर्देश
राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से रायपुर ग्रामीण पुलिस ने मंगलवार देर रात विशेष अभियान चलाया। रायपुर-बिलासपुर हाईवे किनारे संचालित ढाबों, होटलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अचानक जांच कर नियमों के पालन की पड़ताल की गई।
रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक स्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में थाना धरसीवा एवं पुलिस चौकी सिलतरा की टीमों ने संयुक्त रूप से हाईवे क्षेत्र में सघन निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन से जुड़े दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
चकाचौंध रोशनी पर पुलिस की सख्ती
जांच के दौरान ढाबों और होटलों में लगाए गए अत्यधिक तेज प्रकाश वाले हाई इंटेंसिटी लाइटों को लेकर विशेष निर्देश जारी किए गए। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऐसी रोशनी हाईवे पर गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए खतरा बन सकती है और दुर्घटनाओं का कारण भी बन सकती है। संचालकों को ऐसी लाइटों को बंद रखने के निर्देश दिए गए।
सड़क किनारे बेतरतीब पार्किंग पर चेतावनी
अभियान के दौरान सड़क किनारे अनियंत्रित तरीके से खड़े भारी वाहनों और ट्रकों को लेकर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। वाहन चालकों और संचालकों को निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करने तथा पार्किंग के दौरान वाहन की पार्किंग लाइट चालू रखने के निर्देश दिए गए।
बिना अनुमति शराब परोसने पर होगी कड़ी कार्रवाई
पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी ढाबे या होटल में बिना वैधानिक अनुमति शराब की बिक्री या सेवन कराना पूरी तरह प्रतिबंधित है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आबकारी अधिनियम सहित अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत दें सूचना
पुलिस अधिकारियों ने होटल और ढाबा संचालकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, अवैध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या डायल-112 पर साझा करें।
रायपुर ग्रामीण पुलिस का कहना है कि हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने, अपराधों पर नियंत्रण और यात्रियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए इस प्रकार के अभियान लगातार जारी रहेंगे।