फॉर्च्यूनर को आग के हवाले करने का आरोप, हमले में तीन लोग गंभीर घायल; सात नामजद, चार आरोपी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रेत कारोबार को लेकर चल रहे विवाद ने हिंसक और भयावह रूप ले लिया। देर रात हुई खूनी वारदात में भाजपा के पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष लल्ला सिंह समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

सोनहत थाना क्षेत्र के नौगई गांव में हुई इस घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रेत घाट संचालन और कथित अवैध खनन को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते देर रात एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के घर के बाहर पहुंचकर हमला कर दिया।

कार को घेरकर आग लगाने का आरोप
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने पहले फॉर्च्यूनर वाहन का रास्ता भारी वाहन लगाकर रोका और फिर उस पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा दी। घटना के समय वाहन में भाजपा नेता लल्ला सिंह समेत कई लोग मौजूद थे। आग लगने से लल्ला सिंह वाहन में ही फंस गए और उनकी मौके पर मौत हो गई।
वहीं कार में मौजूद अन्य लोग किसी तरह बाहर निकलने में सफल हुए, लेकिन आरोप है कि बाहर निकलते ही उन पर धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया।
इलाज के दौरान एक और घायल ने तोड़ा दम
हमले में गंभीर रूप से घायल विरेंद्र सिंह को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना में घायल नागेंद्र सिंह, मयंक सिंह और योगेंद्र सिंह को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
पुराने विवाद की जांच में जुटी पुलिस
जानकारी के अनुसार रेत घाट को लेकर दोनों पक्षों के बीच कुछ दिन पहले भी विवाद हुआ था और मामला पुलिस तक पहुंचा था। पुलिस अब पुराने विवाद, आपसी रंजिश और कथित अवैध खनन से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने मामले में सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि तीन अन्य की तलाश जारी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम भी जांच में जुटी हुई है। इस दोहरे हत्याकांड के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है और एहतियात के तौर पर पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है।