“स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम पर 21 जून को प्रदेशभर में होगा सामूहिक योगाभ्यास, जिला से ग्राम पंचायत स्तर तक तैयारियां अंतिम चरण में
रायपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को पूरे छत्तीसगढ़ में इस बार “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम के साथ व्यापक स्तर पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राज्य शासन ने जिला मुख्यालयों से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। प्रदेशभर में होने वाले इन आयोजनों में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, मंत्रीगण, सांसद और विधायक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार विभिन्न जिलों में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रमों के लिए जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। राजधानी रायपुर में राज्यपाल श्री रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित होगा। वहीं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय सरगुजा जिले में सुबह 7 बजे आयोजित योग कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जिसकी अध्यक्षता मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल करेंगे।
प्रदेश के अन्य जिलों में भी वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों को मुख्य कार्यक्रमों की कमान सौंपी गई है। केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू बिलासपुर में, उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव दुर्ग में, उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा कबीरधाम में तथा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह राजनांदगांव में आयोजित कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि होंगे।
इसी क्रम में विभिन्न जिलों में मंत्रियों को भी जिम्मेदारी दी गई है। कोरिया में श्री रामविचार नेताम, महासमुंद में श्री दयालदास बघेल, सुकमा में श्री केदार कश्यप, कांकेर में श्री लखनलाल देवांगन, जांजगीर-चांपा में श्री ओ.पी. चौधरी, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में श्री टंकराम वर्मा, बलरामपुर-रामानुजगंज में श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, जशपुर में श्री राजेश अग्रवाल, कोरबा में श्री गुरु खुशवंत साहेब तथा बालोद में श्री गजेन्द्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
सांसदों और विधायकों को भी विभिन्न जिलों की जिम्मेदारी दी गई है। बलौदाबाजार-भाटापारा में सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, बेमेतरा में श्री विजय बघेल, मोहला-मानपुर-चौकी में श्री संतोष पांडेय सहित अन्य सांसद विभिन्न जिलों में कार्यक्रमों का नेतृत्व करेंगे। वहीं कई जिलों में विधायक भी मुख्य अतिथि के रूप में योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
जिला प्रशासन की देखरेख में प्रदेशभर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित कर योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।