पाटलिपुत्र की घटना के बाद बिलासपुर रेल मंडल अलर्ट, भीड़ नियंत्रण के लिए स्पेशल मेमू ट्रेनें और अतिरिक्त कोच की व्यवस्था
नीट-2026 परीक्षा में शामिल होने वाले हजारों परीक्षार्थियों और उनके परिजनों की सुविधा को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। बिहार के पाटलिपुत्र स्टेशन पर हुई तोड़फोड़ की घटना के बाद रेलवे प्रशासन सतर्क हो गया है। दुर्ग-भिलाई क्षेत्र के स्टेशनों पर आरपीएफ और जीआरपी की तैनाती बढ़ाई गई है, वहीं यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को संभालने के लिए विशेष मेमू ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।
दुर्ग। दुर्ग-भिलाई में 21 जून को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा के लिए रेलवे प्रशासन ने यात्री सुविधाओं को लेकर विशेष व्यवस्था की है। परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले परीक्षार्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए कोरबा-दुर्ग-कोरबा के बीच स्पेशल मेमू पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा।
दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में नीट परीक्षा के लिए कुल 19 केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 6939 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षार्थियों की संभावित भीड़ को देखते हुए रेलवे ने सुरक्षा और यात्री प्रबंधन की तैयारियां पूरी कर ली हैं।
20 जून को चलेगी विशेष मेमू सेवा
रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 06801 कोरबा-दुर्ग मेमू पैसेंजर स्पेशल 20 जून को सुबह 10 बजे कोरबा से रवाना होगी। यह ट्रेन चांपा, जांजगीर-नैला, अकलतरा, बिलासपुर, बेल्हा, भाटापारा, तिल्दा-नेवरा, रायपुर और भिलाई पावर हाउस होते हुए शाम 4.15 बजे दुर्ग पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 06802 दुर्ग-कोरबा मेमू स्पेशल शाम 7.05 बजे दुर्ग से रवाना होगी और निर्धारित स्टेशनों पर ठहरते हुए रात 12.45 बजे कोरबा पहुंचेगी।
परीक्षा वाले दिन भी रहेगी अतिरिक्त सुविधा
21 जून को भी परीक्षार्थियों की आवाजाही को देखते हुए गाड़ी संख्या 06803 कोरबा-दुर्ग मेमू स्पेशल सुबह 4 बजे कोरबा से चलेगी और सुबह 10.50 बजे दुर्ग पहुंचेगी। इसके बाद गाड़ी संख्या 06804 दुर्ग-कोरबा मेमू स्पेशल शाम 7.05 बजे दुर्ग से रवाना होगी।
हसदेव एक्सप्रेस का दुर्ग तक अस्थायी विस्तार
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए हसदेव एक्सप्रेस का 21 जून को अस्थायी विस्तार दुर्ग तक किया गया है। गाड़ी संख्या 18250 कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस रायपुर से आगे बढ़कर दुर्ग तक जाएगी। यह ट्रेन भिलाई पावर हाउस और भिलाई नगर होते हुए सुबह 11.45 बजे दुर्ग पहुंचेगी।
वहीं गाड़ी संख्या 18251 रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस दुर्ग से शुरू होकर कोरबा के लिए रवाना होगी। ट्रेन दुर्ग से शाम 4.30 बजे चलेगी।
रेलवे ने यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए कई ट्रेनों में अस्थायी रूप से अतिरिक्त सामान्य श्रेणी के कोच लगाने का निर्णय भी लिया है। साथ ही दुर्ग और भिलाई के प्रमुख स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखने के निर्देश दिए गए हैं।