गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार, रायपुर सबसे गर्म शहर दर्ज
छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले दो दिनों तक गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
रायपुर। प्रदेश में बदलते मौसम का असर लगातार देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने शनिवार को छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों के लिए गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार आगामी दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम अस्थिर बना रह सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। ऐसे में खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी संभागों में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आंधी और बारिश दर्ज की गई। इस दौरान राजधानी रायपुर सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में भी शनिवार को बादलों की आवाजाही बनी रहने के साथ गरज-चमक और बारिश की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया गया है।