प्रसाद लेने के दौरान हुआ हादसा, मलबे में दबे लोगों को श्रद्धालुओं ने निकाला; प्रशासन ने चलाया राहत-बचाव अभियान
परभणी (महाराष्ट्र)। महाराष्ट्र के परभणी जिले के यशवाड़ी गांव स्थित हनुमान मंदिर में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। मंदिर परिसर में निर्माणाधीन सभा मंडप की छत अचानक गिरने से 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 25 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब शनिवार होने के कारण मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और प्रसाद लेने के लिए पहुंचे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंदिर के सामने सभा मंडप का निर्माण कार्य चल रहा था। दोपहर करीब 3 बजे अचानक बांस और लोहे की सेंट्रिंग से बना ढांचा कमजोर होकर टूट गया और पत्थरों सहित पूरी छत नीचे आ गिरी। उस समय प्रसाद लेने के लिए कतार में खड़े लोग इसकी चपेट में आ गए।
हादसे के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद श्रद्धालुओं ने तत्काल मलबा हटाने का काम शुरू किया और दबे हुए लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस, प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे। जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर राहत कार्य तेज किया गया।
जिला प्रशासन के अधिकारियों के मुताबिक हादसे में कुल 32 लोग प्रभावित हुए, जिनमें 7 लोगों की मौत हो गई और 25 घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। राहत अभियान में आपदा प्रबंधन विभाग, अग्निशमन दल, स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय ग्रामीणों ने सहयोग किया।
यशवाड़ी गांव मनवत रोड पर स्थित है। यहां के त्रिमूर्ति मंदिर में हनुमान जी की काली प्रतिमा स्थापित है और शनिवार के दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। निर्माणाधीन मंडप की छत गिरने से यह दर्दनाक हादसा हुआ।