Oplus_131072
लगभग 400 जवानों और उनके परिवारों ने लिया हिस्सा, योग के माध्यम से स्वस्थ और संतुलित जीवन का दिया संदेश
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भिलाई में प्रथम वाहिनी और सातवीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उत्साह, अनुशासन और ऊर्जा से भरपूर इस आयोजन में जवानों और उनके परिवारों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
भिलाई स्थित प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल परिसर के परेड ग्राउंड में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एक विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। प्रथम वाहिनी एवं सातवीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के संयुक्त प्रयास से आयोजित यह कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

उप पुलिस महानिरीक्षक श्री राजेश कुकरेजा (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों के बीच योग के महत्व को बढ़ावा देना तथा स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही बेहतर जीवन की आधारशिला हैं।
इस अवसर पर उप सेनानी श्रीमती प्रज्ञा मेश्राम, उप सेनानी श्रीमती सवा अंजुम एवं सहायक सेनानी श्री जयलाल मरकाम सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और अधिक बढ़ाया।

योग सत्र के दौरान स्वावलंबी योग संस्था के संचालक श्री आनंद सिंह ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को विभिन्न योग क्रियाओं और आसनों का अभ्यास कराया। योग अभ्यास को व्यवस्थित एवं सरल तरीके से प्रस्तुत किया गया, जिससे सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में लगभग 400 जवानों और उनके परिवारजनों ने अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई। योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि नियमित योगाभ्यास न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम कर जीवन में संतुलन और सकारात्मकता भी लाता है।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ और निरोग जीवन अपनाने का संकल्प लिया।