समाज सेवा, युवा सहभागिता और महिला सशक्तिकरण पर हुआ मंथन; नासिक में राष्ट्रीय बैठक का दिया गया आमंत्रण
रायपुर में आयोजित लोहाणा महापरिषद जोन-13 की संगठनात्मक बैठक में समाज सेवा, संगठन विस्तार और सामाजिक एकता को लेकर व्यापक चर्चा की गई। बैठक में नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए और समाज के विकास के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
रायपुर। लोहाणा महापरिषद जोन-13 की संगठनात्मक बैठक रविवार को रायपुर में उत्साहपूर्ण माहौल और सामाजिक समर्पण की भावना के साथ संपन्न हुई। कार्यक्रम में नवनियुक्त पदाधिकारियों को औपचारिक रूप से नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए और उनके आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं व्यक्त की गईं।
बैठक में रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, धमतरी सहित प्रदेश के विभिन्न शहरों से बड़ी संख्या में पदाधिकारी और समाजजन शामिल हुए। इस दौरान संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, समाज के प्रत्येक परिवार तक महापरिषद की गतिविधियों को पहुंचाने तथा युवा और महिला वर्ग की भागीदारी बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में महापरिषद द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। पदाधिकारियों को आरोग्य समिति, शिक्षा समिति, मैट्रिमोनियल समिति (लग्न सेतु), महिला समिति, युवा समिति, रोजगार और व्यवसायिक मंच सहित समाज हित में संचालित विभिन्न प्रकल्पों से अवगत कराया गया।
सदस्यों को बताया गया कि महापरिषद शिक्षा सहायता, छात्रवृत्ति, चिकित्सा सहायता, वैवाहिक सहयोग, रोजगार सृजन और युवा सशक्तिकरण जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के समग्र विकास की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
वरिष्ठ पदाधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि लोहाणा महापरिषद केवल एक सामाजिक संस्था नहीं बल्कि विश्वभर के लोहाणा समाज को एकजुट करने वाला एक सशक्त मंच है। संगठन, सेवा और संस्कारों के माध्यम से समाज के सर्वांगीण विकास का लक्ष्य लेकर कार्य किया जा रहा है।
बैठक की एक विशेष उपलब्धि यह रही कि महापरिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष सतीशभाई विठलानी स्विट्जरलैंड से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम से जुड़े। उन्होंने संगठन की एकता और सेवा भावना को समाज की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए सभी पदाधिकारियों से मिलकर कार्य करने का आह्वान किया तथा नव-नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान ट्रस्टी किशनभाई मिरानी, जोन-13 अध्यक्ष प्रकाशभाई दावड़ा, जोन प्रभारी ललितभाई पुजारा, उपाध्यक्ष भरतभाई ठक्कर, सचिव ललितभाई जोबनपुत्रा, छत्तीसगढ़ राज्य अध्यक्ष शैलेशभाई कारिया सहित महिला एवं युवा विंग के कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी जुलाई माह में महाराष्ट्र के नासिक में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय बैठक का निमंत्रण भी समाजजनों को दिया गया। बताया गया कि इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में देशभर के प्रतिनिधि शामिल होंगे और संगठन विस्तार, सामाजिक योजनाओं तथा समाज के भविष्य से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित पदाधिकारियों और समाजजनों ने संगठन की मजबूती, सामाजिक एकता और समाज सेवा के कार्यों को और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।