अलीगंज की तीन मंजिला इमारत में मची अफरा-तफरी, फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां राहत-बचाव में जुटीं, डिप्टी सीएम भी पहुंचे मौके पर
राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक तीन मंजिला इमारत में लगी भीषण आग ने हड़कंप मचा दिया। इमारत के दूसरे तल पर संचालित कोचिंग और स्टूडियो में मौजूद छात्र व कर्मचारी आग की चपेट में आ गए। जान बचाने के लिए कुछ छात्रों ने ऊंचाई से छलांग लगाई, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कई लोग झुलसे हैं, जबकि 10 से 12 लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
लखनऊ (ए)। सोमवार दोपहर अलीगंज इलाके की एक तीन मंजिला इमारत में अचानक आग भड़क उठी, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग तेजी से इमारत के ऊपरी हिस्सों तक फैल गई, जहां दूसरे तल पर कोचिंग और अन्य संस्थान संचालित हो रहे थे। धुएं और आग की लपटों के बीच फंसे छात्रों और कर्मचारियों में जान बचाने की होड़ मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक छात्र ने अपनी जान बचाने के लिए पहली मंजिल से छलांग लगा दी, लेकिन वह नीचे लगी लोहे की ग्रिल पर जा गिरा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की करीब 10 गाड़ियां और एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म मौके पर पहुंचा। राहत एवं बचाव कार्य को तेज करने के लिए फायर कर्मियों ने इमारत के पीछे की दीवार तक तोड़ दी। प्रशासन की ओर से लगभग 14 एंबुलेंस भी तैनात की गई हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभी भी 10 से 12 लोगों के इमारत के अंदर फंसे होने की आशंका बनी हुई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों की जानकारी ली।
इमारत के ग्राउंड और प्रथम तल पर पेट शॉप और क्लीनिक संचालित हैं, जबकि दूसरे तल पर “लर्निंग स्पेस” नामक लाइब्रेरी व कोचिंग सेंटर तथा “हेड हॉपर स्टूडियो” संचालित होता है, जहां 3D आर्ट प्रोडक्शन और गेम एसेट से जुड़ा कार्य किया जाता है।
आलमबाग निवासी प्रभजोत सिंह ने बताया कि उनका बेटा इसी स्टूडियो में एनिमेशन आर्टिस्ट के रूप में कार्य करता है। उन्होंने कहा कि दोपहर करीब सवा दो बजे बेटे का फोन आया था, जिसमें उसने घबराते हुए कहा — “पापा जल्दी बचा लीजिए, यहां आग लग गई है।” घटना के बाद से वह अपने बेटे की तलाश में मौके पर मौजूद हैं।