फायर सेफ्टी, वेंटिलेशन और ओवरक्राउडिंग पर निगम सख्त, एक सप्ताह में सुधार के निर्देश
शहर के प्रमुख कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था की पड़ताल के दौरान कई चिंताजनक कमियां सामने आई हैं। अग्नि सुरक्षा से लेकर वेंटिलेशन और क्षमता से अधिक छात्रों की मौजूदगी जैसे मुद्दों ने छात्रों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रायपुर। छात्रों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नगर निगम प्रशासन ने शहर के प्रमुख कोचिंग संस्थानों में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। नगर निगम की संयुक्त टीम ने अग्नि सुरक्षा, लिफ्ट सुरक्षा और अन्य आवश्यक मानकों की जांच की, जिसमें कई संस्थानों में गंभीर कमियां उजागर हुईं।
निरीक्षण के दौरान टीम ने एलन, अनअकादमी, विद्यापीठ, आरसीसी और अकादजा जैसे प्रमुख कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया। जांच में एलन, अनअकादमी और विद्यापीठ की कुछ कक्षाओं में निर्धारित क्षमता से अधिक विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था पाई गई। इसके अलावा कई स्थानों पर वेंटिलेशन व्यवस्था भी पर्याप्त नहीं मिली।
जांच के दौरान आरसीसी और अकादजा कोचिंग संस्थानों में फायर सेफ्टी नियमों के पालन में खामियां, प्रवेश और निकास मार्गों की अपर्याप्त व्यवस्था तथा सुरक्षा मानकों से जुड़ी अन्य कमियां भी सामने आईं। अधिकारियों ने इन कमियों को गंभीर मानते हुए संबंधित संचालकों को एक सप्ताह के भीतर सभी आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए हैं।
नगर निगम ने संबंधित जोनों को संस्थानों को नोटिस जारी करने और तय समय सीमा के भीतर अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समयावधि में कमियां दूर नहीं की गईं तो संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह विशेष निरीक्षण अभियान जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देश और नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के मार्गदर्शन में संचालित किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा संबंधी सरकारी दिशा-निर्देशों के पालन की स्थिति का आकलन करना था। निरीक्षण दल में नगर निगम के अभियंताओं, अग्निशमन विभाग के अधिकारियों और अन्य संबंधित विभागों के कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।