Oplus_131072
सक्ती जिले के जोंगरा गांव में हुई सनसनीखेज वारदात, CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी जांच टीम
छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में दिनदहाड़े हुई हत्या की घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। बाइक पर आए दो अज्ञात युवकों ने घर पहुंचकर एक युवती पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए, जबकि पुलिस उनकी तलाश में लगातार कार्रवाई कर रही है।

सक्ती। सक्ती जिले के जोंगरा गांव में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार, गांव की रहने वाली 25 वर्षीय पूर्णिमा चौहान अपने घर पर मौजूद थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। दोनों ने अपने चेहरे सफेद कपड़े से ढक रखे थे, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी।
बताया जा रहा है कि एक युवक घर के अंदर पहुंचा और परिवार के सदस्यों से पूर्णिमा के बारे में जानकारी लेने लगा, जबकि दूसरा युवक बाहर खड़ा रहा। जैसे ही पूर्णिमा बाहर आई, हमलावर ने उस पर लगातार तीन गोलियां चला दीं। गोलियां उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में लगीं।
फायरिंग की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य बाहर पहुंचे तो पूर्णिमा गंभीर हालत में खून से लथपथ मिली। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
मृतका पिछले चार वर्षों से एक निजी कंपनी में सेल्स का कार्य कर रही थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उसकी शादी रायगढ़ जिले में हुई थी, लेकिन वैवाहिक संबंध टूटने के बाद वह बीते दो वर्षों से अपने मायके में रह रही थी।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश के लिए विशेष टीमों को सक्रिय किया गया है।
फिलहाल पुलिस ने हत्या के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं किया है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।