प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चाओं के बीच सिंहदेव ने समर्थकों से सोशल मीडिया अभियान बंद करने की अपील की, कहा- संगठनात्मक निर्णय तय समय से नहीं, हाईकमान की सहमति से होते हैं।
छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर चल रही अटकलों के बीच पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कौन होगा और कब तक रहेगा, इसका निर्णय केवल पार्टी हाईकमान करता है। सोशल मीडिया पर उन्हें PCC अध्यक्ष बनाने की मांग उठने के बाद उन्होंने समर्थकों से ऐसे अभियान से दूरी बनाने की अपील करते हुए कहा कि इस तरह की पहल संगठन के लिए अनावश्यक स्थिति पैदा कर सकती है।
सरगुजा (ए)। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव की चर्चाओं के बीच पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर चल रही अटकलों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष का कोई निर्धारित कार्यकाल नहीं होता और इस पद पर कौन रहेगा तथा कब तक जिम्मेदारी निभाएगा, इसका फैसला केवल पार्टी हाईकमान करता है।
हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर सिंहदेव को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने के समर्थन में अभियान चलाया जा रहा है। कई पोस्ट और स्लोगन साझा किए जा रहे हैं, जिनमें उन्हें संगठन की कमान सौंपने की मांग की जा रही है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सिंहदेव ने अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं से ऐसे अभियान नहीं चलाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि जब दीपक बैज को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया था, तब उनके कार्यकाल की कोई समय-सीमा तय नहीं की गई थी। कांग्रेस में संगठनात्मक नियुक्तियां परिस्थितियों और हाईकमान के निर्णय के अनुसार होती हैं, इसलिए इस विषय पर सार्वजनिक अभियान चलाना उचित नहीं है।
सिंहदेव ने कहा कि कई बार कार्यकर्ता अपनी भावनाएं खुलकर व्यक्त कर देते हैं, लेकिन ऐसे मामलों में अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व को ही लेने देना चाहिए। उनके अनुसार, सोशल मीडिया पर इस तरह के पोस्ट और अभियान अनावश्यक रूप से संगठन में भ्रम और विवाद की स्थिति पैदा कर सकते हैं।
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से टीएस सिंहदेव को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चा राजनीतिक गलियारों में लगातार होती रही है। कुछ समय पहले उन्होंने यह भी कहा था कि यदि पार्टी जिम्मेदारी देती है तो वह इसके लिए तैयार हैं। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि सिंहदेव राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी की जिम्मेदारियां संभालें और प्रदेश में युवाओं को अवसर दिया जाए।
सिंहदेव के ताजा बयान के बाद फिलहाल उन्होंने स्पष्ट संकेत दिया है कि संगठन से जुड़े सभी निर्णय पार्टी हाईकमान के अधिकार क्षेत्र में हैं और कार्यकर्ताओं को इस विषय पर संयम बनाए रखना चाहिए।