BSP में ड्यूटी के दौरान हादसा, इलेक्ट्रिक शॉक से जूनियर एसोसिएट इंजीनियर की गई जान
भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) में रविवार दोपहर एक दर्दनाक औद्योगिक हादसा हो गया। यूआरएम विभाग के क्रेन मेंटेनेंस सेक्शन में कार्यरत 38 वर्षीय जूनियर एसोसिएट इंजीनियर विनोद कुमार यादव की ओवरहेड क्रेन पर मेंटेनेंस कार्य के दौरान करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद संयंत्र प्रबंधन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही भट्ठी थाना पुलिस और संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी।
भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र के यूआरएम विभाग में रविवार दोपहर करीब चार बजे एक गंभीर औद्योगिक दुर्घटना हुई। क्रेन मेंटेनेंस डिपार्टमेंट में पदस्थ जूनियर एसोसिएट इंजीनियर विनोद कुमार यादव ओवरहेड क्रेन पर नियमित मेंटेनेंस कार्य कर रहे थे। इसी दौरान वे अचानक बिजली की चपेट में आ गए।
सहकर्मियों ने उन्हें तत्काल नीचे उतारकर उपचार के लिए भेजा, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही संयंत्र के अधिकारियों के साथ भट्ठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा इलेक्ट्रिक शॉक लगने से हुआ है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस और भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन संयुक्त रूप से जांच कर रहे हैं। घटना के बाद कर्मचारियों में शोक का माहौल है।