एनएमसी ने 250 नई एमबीबीएस सीटों को दी स्वीकृति, गीदम, कुनकुरी, मनेन्द्रगढ़, जांजगीर-चांपा और कबीरधाम में शुरू होंगे मेडिकल कॉलेज; मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा का जताया आभार
छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा विस्तार होने जा रहा है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने प्रदेश के पांच नए शासकीय मेडिकल कॉलेजों को शैक्षणिक सत्र 2026-27 से संचालित करने की मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही राज्य में 250 नई एमबीबीएस सीटें जुड़ेंगी, जिससे दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने ही प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे।
रायपुर। छत्तीसगढ़ को चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि मिली है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने गीदम (दंतेवाड़ा), कुनकुरी (जशपुर), मनेन्द्रगढ़, जांजगीर-चांपा और कबीरधाम में 50-50 एमबीबीएस सीटों वाले पांच नए शासकीय मेडिकल कॉलेजों की स्थापना को शैक्षणिक सत्र 2026-27 से मंजूरी प्रदान कर दी है। इससे प्रदेश में एक साथ 250 नई एमबीबीएस सीटों का इजाफा होगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे प्रदेश के स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा का दायरा प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि नए मेडिकल कॉलेज युवाओं को डॉक्टर बनने का बेहतर अवसर देने के साथ-साथ ग्रामीण और आदिवासी अंचलों में विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती प्रदान करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गीदम और कुनकुरी जैसे दूरस्थ एवं आदिवासी क्षेत्रों में मेडिकल कॉलेजों की स्थापना इस बात का प्रमाण है कि विकास की योजनाएं अब प्रदेश के अंतिम छोर तक पहुंच रही हैं। इन संस्थानों के शुरू होने से स्थानीय विद्यार्थियों को बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी और क्षेत्रीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। नए मेडिकल कॉलेज भविष्य में चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और विशेषज्ञ उपचार के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित होंगे, जिससे प्रदेश में प्रशिक्षित डॉक्टरों की संख्या बढ़ेगी और आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।
मुख्यमंत्री साय ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि पांच नए मेडिकल कॉलेज छत्तीसगढ़ को चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।