जेसीबी की मदद से दुकानों के सामने किए गए कब्जे हटाए, यातायात सुगम बनाने निगम और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
शहर की प्रमुख सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के अभियान के तहत नगर पालिक निगम भिलाई ने सुपेला के परदेशी चौक क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। दुकानों के सामने सड़क तक फैलाए गए अवैध कब्जों को जेसीबी की मदद से हटाकर मार्ग को खाली कराया गया। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यातायात में बाधा बनने वाले अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई ने सार्वजनिक मार्गों पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान तेज करते हुए सोमवार को सुपेला स्थित परदेशी चौक क्षेत्र में कार्रवाई की। निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने दुकानों के सामने सड़क तक फैलाए गए अवैध कब्जों को हटाकर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीन की सहायता से सड़क पर रखी गई सामग्री और अन्य अवरोधों को हटाया गया।
निगम अधिकारियों के अनुसार लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ व्यापारियों ने दुकानों के बाहर सामान रखकर सड़क के हिस्से पर कब्जा कर लिया है। इससे सड़क की चौड़ाई कम हो गई थी और राहगीरों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। शिकायतों के सत्यापन के बाद निगम ने विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की।
अभियान के दौरान जोन-1 उपायुक्त सह जोन आयुक्त डी.के. कोसरिया, जोन आयुक्त अमरनाथ दुबे, सहायक राजस्व अधिकारी सुनील जोशी, बेदखली प्रभारी विनय शर्मा, राजस्व विभाग एवं बेदखली अमले के साथ पुलिस प्रशासन की टीम मौजूद रही। पर्याप्त पुलिस बल की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक सड़क, फुटपाथ और अन्य सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। नागरिकों की सुविधा और निर्बाध यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में यह अभियान लगातार जारी रहेगा। निगम ने व्यापारियों और आम लोगों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा न करें तथा शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुगम बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।