100 से अधिक पदाधिकारियों की घोषणा के बाद संगठन करेगा बदलाव; कुछ नामों में सुधार की पुष्टि, नई सूची जल्द जारी होगी
भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) भिलाई जिला की नई कार्यकारिणी की घोषणा के कुछ ही घंटों बाद संगठन को सूची में संशोधन की तैयारी करनी पड़ी है। 100 से अधिक पदाधिकारियों और मंडल पदाधिकारियों की नियुक्ति वाली सूची में कुछ नामों को लेकर आपत्ति सामने आने के बाद प्रदेश नेतृत्व ने बदलाव की पुष्टि की है।
दुर्ग-भिलाई। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) भिलाई जिला की नई कार्यकारिणी की घोषणा के साथ ही संगठन में हलचल तेज हो गई है। जिलाध्यक्ष सौरभ जायसवाल ने प्रदेश और जिला नेतृत्व की सहमति से जिला पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों, विभाग एवं प्रकोष्ठ प्रमुखों तथा सभी मंडलों के अध्यक्ष और महामंत्रियों की नियुक्ति की घोषणा की। नई टीम में 100 से अधिक कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
हालांकि सूची सार्वजनिक होने के कुछ ही समय बाद उसमें संशोधन की जरूरत सामने आ गई। संगठन के वरिष्ठ नेताओं ने स्वीकार किया है कि कुछ नामों में सुधार किया जाएगा और संशोधित सूची जल्द जारी की जाएगी। इसे लेकर संगठन के भीतर चर्चाओं का दौर भी तेज हो गया है।
प्रदेश नेतृत्व ने किया संशोधन का संकेत
जारी आदेश में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय, भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा, दुर्ग संभाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही, जिला संगठन प्रभारी रामजी भारती और भाजपा जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन की सहमति का उल्लेख किया गया है। इसके बावजूद सूची में बदलाव की आवश्यकता पड़ने से संगठनात्मक प्रक्रिया पर सवाल उठने लगे हैं।
दुर्ग संभाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही ने बताया कि सूची में कुछ तकनीकी सुधार किए जा रहे हैं और संशोधित सूची शीघ्र जारी कर दी जाएगी। वहीं प्रदेशाध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा ने भी कुछ नामों में संशोधन की पुष्टि की है।
नई कार्यकारिणी में इन पदों पर हुई नियुक्तियां
नई टीम में 9 उपाध्यक्ष, 2 महामंत्री और 11 मंत्री नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा कोषाध्यक्ष, सह-कोषाध्यक्ष, प्रवक्ता, कार्यालय प्रभारी, प्रशिक्षण प्रमुख सहित विभिन्न विभागों और प्रकोष्ठों में भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है। सोशल मीडिया, आईटी सेल, मीडिया, प्रचार-प्रसार, खेल एवं कला, विधि, कन्या शक्ति और नीति अनुसंधान जैसे विभागों का भी गठन किया गया है।
13 मंडलों को मिला नया नेतृत्व
भाजयुमो ने जिले के 13 मंडलों के अध्यक्ष एवं महामंत्रियों की भी घोषणा की है। पश्चिम, पूर्व, खुर्सीपार, सुपेला, वैशाली नगर, कैंप, जामुल, अहिवारा, मुरमुदा, भिलाई-3, चरोदा और जेवरा-सिरसा सहित सभी मंडलों में नए पदाधिकारियों को संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी गई है।
संशोधित सूची का इंतजार
संगठन के सूत्रों के अनुसार कुछ नामों और पदों को लेकर अंतिम स्तर पर बदलाव किया जा रहा है। संशोधित सूची जारी होने के बाद ही नई कार्यकारिणी का अंतिम स्वरूप स्पष्ट होगा। फिलहाल सूची में संशोधन की चर्चा राजनीतिक और संगठनात्मक गलियारों में बनी हुई है।