इतवारी-मधुपुर के बीच 5-5 फेरे लगाएगी विशेष ट्रेन, रायपुर, दुर्ग और भाटापारा सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव
श्रावणी मेले में बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी (नागपुर) और मधुपुर के बीच विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह स्पेशल ट्रेन 1 अगस्त से 30 अगस्त तक निर्धारित तिथियों पर कुल पांच-पांच फेरे लगाएगी। रेलवे के अनुसार फिलहाल ट्रेन में पर्याप्त सीटें उपलब्ध हैं, जिससे यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना अधिक रहेगी।
रायपुर। श्रावणी मेले के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने विशेष सुविधा उपलब्ध कराई है। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी (नागपुर) और मधुपुर के बीच श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन संचालित करने की घोषणा की है। यह विशेष ट्रेन 1 अगस्त से 30 अगस्त तक कुल पांच-पांच ट्रिप करेगी, जिससे छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, झारखंड और ओडिशा के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 08895 इतवारी-मधुपुर स्पेशल प्रत्येक शनिवार यानी 1, 8, 15, 22 और 29 अगस्त को रवाना होगी। वहीं 08896 मधुपुर-इतवारी स्पेशल प्रत्येक रविवार 2, 9, 16, 23 और 30 अगस्त को संचालित की जाएगी।
रायपुर रेल मंडल के यात्रियों के लिए यह ट्रेन विशेष रूप से लाभदायक रहेगी, क्योंकि इसका ठहराव दुर्ग, रायपुर और भाटापारा स्टेशनों पर होगा। इसके अलावा बिलासपुर, चांपा, रायगढ़, बेलपहाड़, ब्रजराजनगर, झारसुगुड़ा, राउरकेला, हटिया, रांची, मुरी, बोकारो स्टील सिटी, धनबाद और चित्तरंजन सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर भी ट्रेन रुकेगी।
समय-सारिणी के अनुसार 08895 इतवारी-मधुपुर स्पेशल सुबह 9:30 बजे रायपुर पहुंचेगी और 9:35 बजे रवाना होगी, जबकि 08896 मधुपुर-इतवारी स्पेशल सुबह 5:20 बजे रायपुर पहुंचेगी तथा 5:25 बजे प्रस्थान करेगी।
रेलवे ने बताया कि फिलहाल स्पेशल ट्रेन में एसी थर्ड और स्लीपर श्रेणी में पर्याप्त सीटें उपलब्ध हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं के लिए कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना काफी बेहतर है।
यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 4 एसी थर्ड, 10 स्लीपर, 4 सामान्य और 2 एसएलआरडी कोच शामिल रहेंगे। रेलवे ने श्रद्धालुओं से समय रहते आरक्षण कराने की अपील की है, ताकि यात्रा सुगम और सुविधाजनक बन सके।