ओडिशा से बस के जरिए लाई जा रही थी खेप, 11.673 किलो गांजा जब्त; पुलिस खंगाल रही तस्करी का नेटवर्क
बस्तर पुलिस ने छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी की एक बड़ी कोशिश नाकाम कर दी। ओडिशा से रायपुर ले जाई जा रही 11.673 किलोग्राम गांजा की खेप के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक और सफलता हासिल की है। छत्तीसगढ़-ओडिशा अंतरराज्यीय सीमा पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रायपुर भेजी जा रही गांजा की खेप जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 11 किलो 673 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 5.84 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि धनपुंजी फॉरेस्ट नाका के पास दो युवक संदिग्ध परिस्थितियों में बैग लेकर बस का इंतजार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर नगरनार थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों को हिरासत में ले लिया।
तलाशी के दौरान दोनों के बैग से 10 पैकेटों में पैक गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान ललित कुशुलिया और बिरन्ची गोरोडिया, निवासी रायगढ़ा (ओडिशा) के रूप में बताई। प्रारंभिक पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि गांजा ओडिशा से लाकर रायपुर पहुंचाया जाना था।
सप्लाई चेन की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा की यह खेप किसके कहने पर लाई जा रही थी और रायपुर में इसे किसे सौंपा जाना था। आशंका है कि इसके पीछे अंतरराज्यीय तस्करों का एक संगठित नेटवर्क सक्रिय है।
आरोपी जेल भेजे गए
दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
सीएसपी सुमीत कुमार ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। सीमा क्षेत्रों में सघन जांच अभियान जारी रहेगा और तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।