उप मुख्यमंत्री अरुण साव की मंजूरी के बाद आदेश जारी, चार वार्डों में सड़क और नाली निर्माण से बेहतर होगी बुनियादी सुविधाएं
दंतेवाड़ा जिले की बारसूर नगर पंचायत में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए राज्य सरकार ने 37.13 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की है। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने सीसी सड़क और आरसीसी ड्रेन निर्माण के चार कार्यों की प्रशासनिक स्वीकृति जारी कर दी है।
रायपुर। दंतेवाड़ा जिले की बारसूर नगर पंचायत में सड़क और नाली निर्माण के कार्यों को गति मिलेगी। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में बुनियादी अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए कुल 37 लाख 13 हजार रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद संचालनालय की ओर से स्वीकृति आदेश जारी कर दिए गए हैं।
स्वीकृत कार्यों के तहत वार्ड क्रमांक-1 में जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 9 लाख 11 हजार रुपए की लागत से आरसीसी ड्रेन का निर्माण कराया जाएगा। वहीं वार्ड क्रमांक-6, 7 और 9 में नागरिकों की आवाजाही को सुगम बनाने के उद्देश्य से सीसी सड़क निर्माण के लिए कुल 28 लाख 2 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार इन विकास कार्यों के पूरा होने से स्थानीय नागरिकों को बेहतर सड़क सुविधा मिलने के साथ ही जलभराव और निकासी की समस्या से भी राहत मिलेगी। सरकार का उद्देश्य नगरीय क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। अब स्वीकृति मिलने के बाद संबंधित निर्माण कार्य जल्द शुरू किए जाने की प्रक्रिया तेज होगी।