लोकल ट्रेन छोड़ सुपरफास्ट एक्सप्रेस में चढ़ने की कोशिश के दौरान बिगड़ा संतुलन, ट्रैक पर गिरने से गई जान; दो दिन बाद वीडियो वायरल
दुर्ग रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश एक यात्री के लिए जानलेवा साबित हुई। ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी के एरिया मैनेजर संदीप कुमार सिन्हा सुपरफास्ट एक्सप्रेस पकड़ने के प्रयास में संतुलन खो बैठे और ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच ट्रैक पर गिर गए। हादसे में उनकी मौके पर ही गंभीर चोटें आईं और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दुर्ग-भिलाई। दुर्ग रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी के एरिया मैनेजर संदीप कुमार सिन्हा (58) की मौत हो गई। घटना 23 जुलाई की सुबह की है, जबकि इसका सीसीटीवी वीडियो दो दिन बाद सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो ने एक बार फिर चलती ट्रेन में चढ़ने के जोखिम को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, संदीप कुमार सिन्हा प्रतिदिन की तरह रायपुर जाने के लिए दुर्ग रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। उनके पास रेलवे का मासिक पास था और वे नियमित रूप से ट्रेन से ही रायपुर आना-जाना करते थे। सुबह करीब 5:45 बजे दुर्ग-रायपुर लोकल ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर खड़ी थी। इसी दौरान पुणे-हटिया सुपरफास्ट एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर आई और कुछ देर रुकने के बाद रवाना होने लगी।
बताया गया कि संदीप ने लोकल ट्रेन छोड़कर सुपरफास्ट एक्सप्रेस से जाने का निर्णय लिया। वे तेजी से दौड़कर चलती ट्रेन में चढ़ने लगे, लेकिन हाथ में रखा लैपटॉप बैग फिसलने से उनका संतुलन बिगड़ गया। ट्रेन के गेट की रॉड पर पकड़ कमजोर पड़ते ही उनका पैर फिसला और वे प्लेटफॉर्म व ट्रेन के बीच ट्रैक पर जा गिरे।
हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से उनका दायां पैर कट गया और अत्यधिक रक्तस्राव होने से उनकी हालत गंभीर हो गई। घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), जीआरपी और रेलवे प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। जवानों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतक की पहचान उनके पास मिले दस्तावेजों के आधार पर की। वे रायपुर स्थित ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी में एरिया मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
रेल पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास के दौरान संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ। मामले की जांच जारी है। वहीं, रेलवे ने एक बार फिर यात्रियों से अपील की है कि कुछ मिनट बचाने के लिए कभी भी चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का जोखिम न उठाएं, क्योंकि ऐसी एक छोटी-सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।