आठ वर्षीय छात्रा के पैर की हड्डी टूटी, गंभीर हालत में एम्स रायपुर रेफर; सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस कर रही तलाश
रायपुर। राजधानी रायपुर में बुधवार शाम एक तेज रफ्तार कार ने स्कूल से घर लौट रही आठ वर्षीय छात्रा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और उसके पैर की हड्डी टूट गई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे पहले निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए एम्स रायपुर रेफर कर दिया गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार कार चालक की तलाश तेज कर दी है।
स्कूल से लौटते समय हुआ हादसा
कोतवाली थाना क्षेत्र में रहने वाले आनंद दुर्गा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी भांजी महिमा ध्रुव (8) चौथी कक्षा की छात्रा है। वह अपनी बहन खुशी ध्रुव और हर्ष ध्रुव के साथ कटोरा तालाब स्थित स्कूल से ऑटो के जरिए कंकाली तालाब पहुंची थी। वहां से तीनों बच्चे डीमार्ट गली की ओर पैदल घर जा रहे थे।
शीतला मंदिर गली में मारी जोरदार टक्कर
बुधवार शाम लगभग 5:55 बजे शीतला मंदिर गली में पुरुषोत्तम अग्रवाल के घर के पास पहुंचते ही कंकाली तालाब की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार (CG 04 QH 9231) ने महिमा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्ची सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया।
लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने एंबुलेंस बुलाकर घायल बच्ची को श्रीकृष्णा अस्पताल, राजेंद्र नगर पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के दौरान उसके पैर में गंभीर फ्रैक्चर और अन्य चोटें पाई, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए उसे एम्स रायपुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल छात्रा का इलाज एम्स में जारी है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
कोतवाली थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा वाहन नंबर के आधार पर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
जल्द गिरफ्तारी का दावा
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना स्कूल से घर लौटने के दौरान हुई। आरोपी चालक की पहचान के लिए विशेष टीम गठित की गई है और उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।