बस स्टैंड का रास्ता पूछने के बहाने बनाई पहचान, ऑटो में बैठाकर करीब दो लाख रुपये के गहने ऐंठे; सीसीटीवी के आधार पर पुलिस जांच में जुटी
बिलासपुर। शहर में ठगी का एक नया मामला सामने आया है, जहां तीन युवकों ने सुरक्षा का डर दिखाकर 68 वर्षीय महिला को अपने झांसे में ले लिया और करीब दो लाख रुपये के सोने के गहने लेकर फरार हो गए। आरोपियों ने पहले बातचीत के बहाने महिला का भरोसा जीता, फिर जेवर सुरक्षित रखने का नाटक कर कागज की पोटली थमा दी। जब तक महिला को ठगी का एहसास हुआ, तब तक आरोपी ऑटो समेत मौके से गायब हो चुके थे। सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
बाजार से लौटते समय बनाया निशाना
सिविल लाइन थाना प्रभारी किशोर कुमार केंवट ने बताया कि सिंधी कॉलोनी निवासी विद्या मोटवानी (68) कंवरराम मार्केट में कपड़ों की दुकान संचालित करती हैं। तीन अगस्त की शाम वह सब्जी खरीदकर लौट रही थीं। नेहरू चौक के पास ऑटो में सवार दो युवकों ने उनसे बस स्टैंड का रास्ता पूछने के बहाने बातचीत शुरू की। कुछ ही देर में एक अन्य युवक भी वहां पहुंच गया और तीनों ने मिलकर महिला को बातों में उलझा लिया।
शहर में चोरी बढ़ने का डर दिखाया
आरोपियों ने महिला से कहा कि शहर में चोरी और लूट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, इसलिए खुले में सोने के गहने पहनना जोखिम भरा है। उन्होंने महिला को ऑटो में बैठाया, पानी पिलाया और गहनों को कपड़े में बांधकर सुरक्षित रखने की सलाह दी। भरोसे में आई महिला ने अपने हाथ का सोने का कंगन और अंगूठी उतारकर उन्हें सौंप दी।
कागज की पोटली देकर हो गए फरार
आरोपियों ने जेवर कपड़े में बांधने का दिखावा किया और कुछ ही क्षण बाद कागज की एक पोटली महिला को थमा दी। थोड़ी दूर जाकर महिला को ऑटो से उतार दिया गया। बाद में पोटली खोलने पर उसमें गहने नहीं मिले और तब ठगी का पता चला।
सूजे हाथ के कारण बच गया एक कंगन
परिजनों के अनुसार महिला के एक हाथ में पहले से चोट होने के कारण सूजन थी, जिससे उस हाथ का दूसरा सोने का कंगन नहीं निकल पाया। यदि वह भी उतर जाता तो ठग और अधिक कीमती जेवर लेकर भाग जाते।
ऑटो चालक की भूमिका भी जांच के दायरे में
पुलिस को संदेह है कि इस वारदात में ऑटो चालक की भी भूमिका हो सकती है। जिस तरह पूरी घटना ऑटो में बैठाकर योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दी गई, उसे देखते हुए इस पहलू की भी जांच की जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज से सुराग
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज पुलिस को मिले हैं। फुटेज में दो युवक महिला से बातचीत करते और फिर उन्हें अपने साथ ले जाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस संदिग्धों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
कुछ दिन पहले सरकंडा थाना क्षेत्र के मोपका चौक के पास भी एक बुजुर्ग महिला ऑटो में उठाईगिरी का शिकार हुई थी। उस मामले में भी भीड़भाड़ का फायदा उठाकर महिला का सोने का मंगलसूत्र पार कर दिया गया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने शहर में बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।