बुलियन बाजार में जोरदार उछाल, 24 कैरेट सोना ₹1.49 लाख और चांदी ₹2.31 लाख प्रति किलो के स्तर पर पहुंची
नई दिल्ली (ए)। बुलियन बाजार में इस सप्ताह निवेशकों की मजबूत खरीदारी और वैश्विक संकेतों के प्रभाव से सोने और चांदी की कीमतों में उल्लेखनीय तेजी दर्ज की गई। सप्ताह के पांच कारोबारी दिनों के दौरान 24 कैरेट सोने के दाम में ₹7,064 प्रति 10 ग्राम की बढ़ोतरी हुई, जबकि चांदी ₹14,094 प्रति किलो महंगी हो गई। शुक्रवार को बाजार बंद होने तक सोना ₹1.49 लाख प्रति 10 ग्राम और चांदी ₹2.31 लाख प्रति किलो के स्तर पर पहुंच गई।
बाजार के आंकड़ों के अनुसार, सप्ताह की शुरुआत में सोमवार को 24 कैरेट सोने की कीमत लगभग ₹1.42 लाख प्रति 10 ग्राम थी, जो शुक्रवार तक बढ़कर करीब ₹1.49 लाख हो गई। इसी अवधि में चांदी ₹2.17 लाख प्रति किलो से बढ़कर ₹2.31 लाख प्रति किलो तक पहुंच गई।
सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन शुक्रवार को भी तेजी का सिलसिला जारी रहा। सोने की कीमत में ₹1,181 प्रति 10 ग्राम और चांदी में ₹5,707 प्रति किलो की बढ़ोतरी दर्ज की गई। एक दिन पहले गुरुवार को सोना लगभग ₹1.48 लाख और चांदी ₹2.25 लाख प्रति किलो के स्तर पर कारोबार कर रही थी।
विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में मजबूत रुझान, सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के कारण कीमती धातुओं में तेजी बनी हुई है। यदि यही रुख जारी रहा तो आने वाले दिनों में सोना और चांदी दोनों नए रिकॉर्ड स्तर छू सकते हैं।