महात्मा गांधी कला मंदिर में होगा आयोजन; राजेश गनोदवाले को 26वां वसुंधरा सम्मान, डॉ. रमन सिंह और डॉ. चरणदास महंत रहेंगे उपस्थित
लोकजागरण की संस्था वसुंधरा और श्री चतुर्भुज मेमोरियल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आज भिलाई के महात्मा गांधी कला मंदिर, सिविक सेंटर में वसुंधरा सम्मान समारोह एवं वैचारिक संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 3:30 बजे से शुरू होने वाला यह कार्यक्रम स्वर्गीय देवी प्रसाद चौबे की 50वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है और इसमें राजनीति, साहित्य, पत्रकारिता तथा संस्कृति जगत की अनेक प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी।
भिलाई। कार्यक्रम छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। समारोह में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में तथा नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत अध्यक्षता करेंगे।
राजेश गनोदवाले को मिलेगा 26वां वसुंधरा सम्मान
आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव और सचिव श्वेता उपाध्याय ने बताया कि सांस्कृतिक पत्रकारिता के क्षेत्र में तीन दशकों से अधिक समय से सक्रिय राजेश गनोदवाले को इस वर्ष 26वें वसुंधरा सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
संस्कृति, इतिहास और पत्रकारिता पर होगा मंथन
समारोह के अंतर्गत ‘भारतीय ज्ञान परंपरा : संस्कृति, इतिहास और पत्रकारिता’ विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे। नागरीप्रचारिणी सभा, काशी के व्योमेश शुक्ल और छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष, पत्रकार एवं विचारक शशांक शर्मा मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार रखेंगे।
विशेषांकों का विमोचन भी होगा
कार्यक्रम के दौरान पंडवानी की प्रख्यात गायिका तीजन बाई की स्मृति में प्रकाशित वसुंधरा विशेषांक तथा छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति पर केंद्रित बहुमत विशेषांक का विमोचन किया जाएगा। लोकगायिका रजनी रजक राज्यगीत की प्रस्तुति देंगी, जबकि कार्यक्रम का संचालन कवि और पत्रकार डॉ. विश्वेश ठाकरे करेंगे।
साहित्य और संस्कृति जगत की हस्तियों की रहेगी उपस्थिति
समारोह में स्वर्गीय देवी प्रसाद चौबे के पुत्र प्रदीप चौबे और रविंद्र चौबे सहित प्रदेश के अनेक वरिष्ठ पत्रकार, लेखक, संस्कृतिकर्मी और विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजन शामिल होंगे।