मणिकर्णिका की छत पर अंतिम संस्कार, दशाश्वमेध पर छत से हुई गंगा आरती; यूपी के 13 जिलों में बाढ़ जैसे हालात
उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से गंगा और घाघरा समेत छह नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। प्रदेश के 13 जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से सभी 84 घाट पानी में डूब गए हैं। हालात ऐसे हैं कि मणिकर्णिका घाट की छत पर अंतिम संस्कार और दशाश्वमेध घाट की छत से गंगा आरती करानी पड़ रही है।
नई दिल्ली (ए)। उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर जारी है। लखनऊ, बाराबंकी समेत कई शहरों में शनिवार सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। गंगा और घाघरा समेत छह नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। इसके चलते 13 जिलों में बाढ़ का असर दिखाई दे रहा है।
वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से घाटों का संपर्क प्रभावित हुआ है। शहर के सभी 84 घाट जलमग्न हो चुके हैं। मणिकर्णिका घाट पर पानी भरने के बाद अंतिम संस्कार छत पर किए जा रहे हैं। वहीं, दशाश्वमेध घाट पर होने वाली प्रसिद्ध गंगा आरती भी छत पर कराई जा रही है।
दिल्ली में अगस्त की बारिश सामान्य से ज्यादा
राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार रात से रुक-रुककर बारिश हो रही है। अगस्त का महीना पूरा होने से पहले ही दिल्ली में इस महीने सामान्य से अधिक बारिश दर्ज हो चुकी है। सफदरजंग केंद्र पर 1 से 21 अगस्त तक 235.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई, जबकि अगस्त में औसत बारिश 233.1 मिमी मानी जाती है। मौसम विभाग ने सप्ताहांत में भी बारिश का सिलसिला बने रहने की संभावना जताई है।
राजस्थान में कमजोर पड़ा मानसून, गर्मी बढ़ी
राजस्थान में मानसूनी गतिविधियां कमजोर पड़ने से मौसम फिर गर्म होने लगा है। शुक्रवार को 15 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया था, लेकिन 11 जिलों में दिनभर तेज धूप रही। अन्य चार जिलों में भी 10 मिमी से कम बारिश हुई। बारिश की कमी से उमस और तापमान दोनों बढ़ गए। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री और चूरू में 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मध्य प्रदेश में तीन सिस्टम सक्रिय
मध्य प्रदेश में फिलहाल तीन मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। रीवा-सीधी के आसपास कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश से मानसून ट्रफ गुजर रही है, जबकि दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इनके प्रभाव से सिवनी और बालाघाट में भारी बारिश की संभावना है। प्रदेश के 14 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।