वेंटिलेटर में धमाके के बाद भड़की आग, 39 बच्चों में 9 थे प्रभावित यूनिट में; CM फडणवीस ने दिए हाईलेवल जांच के आदेश, परिजनों को 5-5 लाख की मदद
अमरावती के जिला महिला अस्पताल में सोमवार तड़के नवजात बच्चों के लिए बनाया गया NICU आग की लपटों में घिर गया। तीसरी मंजिल पर स्थित यूनिट में आग लगने के समय 39 नवजात भर्ती थे। धुआं फैलते ही अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों ने तत्काल रेस्क्यू शुरू कर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में आग की चपेट में आए तीन नवजातों की मौत हो गई। शुरुआती जांच में वेंटिलेटर में धमाके के बाद आग भड़कने की आशंका जताई जा रही है।
अमरावती (ए)। जिला महिला अस्पताल के नवजात शिशु गहन चिकित्सा कक्ष (NICU) में सोमवार सुबह करीब 3:30 बजे अचानक आग लगने से तीन नवजातों की मौत हो गई। घटना अस्पताल की तीसरी मंजिल पर हुई। आग लगने के बाद NICU में धुआं भर गया और वहां भर्ती बच्चों को बचाने के लिए अस्पताल कर्मियों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
पुलिस कमिश्नर राकेश ओला के अनुसार, NICU में तीन कंपार्टमेंट थे। इनमें से जिस हिस्से में आग लगी, वहां नौ नवजात भर्ती थे। आग की चपेट में आने से तीन बच्चों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य नवजातों को तत्काल दूसरी जगह शिफ्ट किया गया। इन बच्चों की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
वेंटिलेटर में धमाके के बाद आग की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में NICU में लगे एक वेंटिलेटर के अंदर धमाका होने के बाद आग भड़कने की आशंका सामने आई है। हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस और अस्पताल प्रशासन घटना के तकनीकी कारणों की जांच कर रहे हैं।
CM ने दिए जांच के आदेश
हादसे की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मामले की हाईलेवल जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य विभाग के सचिव को अमरावती पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लेने और स्थिति की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। राज्य सरकार ने हादसे में जान गंवाने वाले तीनों नवजातों के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
छिंदवाड़ा में भी NICU आग ने ली थी एक नवजात की जान
अमरावती की घटना से महज दो दिन पहले मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के NICU में भी आग लगने की घटना सामने आई थी। शनिवार देर रात करीब दो बजे वार्मर मशीन के फिलामेंट से निकली चिंगारी के बाद आग भड़क गई थी। हादसे में तीन नवजात झुलस गए थे।
अस्पताल कर्मचारियों ने फायर फाइटिंग उपकरणों की मदद से आग पर काबू पाया और बच्चों को प्राथमिक उपचार दिया। बाद में तीनों को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया। इनमें एक नवजात की हालत गंभीर थी और उसे सर्जरी की जरूरत बताई गई थी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने आग के कारणों की जांच शुरू कर दी थी।