नेचर थीम में फूल-पत्तियों से लेकर एनिमल डिजाइन तक; लेदर बेल्ट पर ज्वेलरी वाली राखियां भी खास, चांदी की राखी 1000 रुपए से शुरू
रक्षाबंधन पर इस बार भाई की कलाई सजाने के लिए बाजार में राखियों की रेंज भी खास है और कीमत भी। रायपुर के सराफा बाजार में सोने और हीरे से तैयार राखियां 2 लाख से लेकर 55 लाख रुपए तक की कीमत में उपलब्ध हैं। इनमें ग्राहक अपनी पसंद के अनुसार डिजाइन, धार्मिक प्रतीक और नाम के शुरुआती अक्षर तक जुड़वा रहे हैं। वहीं सामान्य बजट के लिए चांदी की राखियां 1000 रुपए से शुरू हो रही हैं।
रायपुर। रक्षाबंधन को खास बनाने के लिए इस बार सराफा बाजार में राखियां सिर्फ पारंपरिक धागे तक सीमित नहीं हैं। सोने, हीरे और कीमती रत्नों से सजी राखियों को ग्राहक अपनी पसंद और बजट के मुताबिक विशेष ऑर्डर पर तैयार करा रहे हैं। महंगी राखियों की कीमत सोने की शुद्धता और वजन के साथ उनमें इस्तेमाल हीरे की संख्या, आकार, गुणवत्ता और जड़ाई पर निर्भर करती है।
सराफा कारोबारियों के मुताबिक, इस बार 2 लाख रुपए से शुरू होकर 50 से 55 लाख रुपए तक की राखियां तैयार की जा रही हैं। इनमें नेचर थीम खास आकर्षण बनी हुई है। फूल-पत्तियों के साथ पशु-पक्षियों से प्रेरित डिजाइन भी पसंद किए जा रहे हैं।
नाम और धार्मिक प्रतीकों की मांग
सुमीत ज्वेलर्स के संचालक अर्पित कांकरिया के अनुसार, महंगी राखियों में ग्राहक अपनी पसंद को प्राथमिकता दे रहे हैं। कई लोग अपने नाम का पहला अक्षर, ओम, स्वास्तिक और गणेश जैसे धार्मिक प्रतीकों को डिजाइन में शामिल करा रहे हैं। कुछ राखियां ब्रेसलेट और ज्वेलरी के रूप में तैयार की जा रही हैं, जिससे रक्षाबंधन के बाद भी उनका उपयोग किया जा सके।
लेदर बेल्ट पर जड़ी ज्वेलरी बनी खास
इस बार राखियों में लेदर बेल्ट स्टाइल भी चर्चा में है। इसमें लेदर स्ट्रैप के ऊपर सोने या हीरे से सजी ज्वेलरी लगाई जा रही है। यह डिजाइन राखी के साथ फैशन एक्सेसरी का लुक भी देता है।
बाजार में चांदी के सिक्कों वाले गिफ्ट बॉक्स भी उपलब्ध हैं। अलग-अलग वजन और डिजाइन के चांदी के सिक्कों को आकर्षक पैकिंग में रखा गया है, जिन्हें राखी पर उपहार के रूप में दिया जा रहा है। सहेली ज्वेलर्स के संचालक सुमीत जैन के मुताबिक, महंगी राखियों को इस तरह डिजाइन किया जा रहा है कि उन्हें बाद में ब्रेसलेट या अन्य ज्वेलरी के तौर पर इस्तेमाल किया जा सके। यही वजह है कि ग्राहक कीमत के साथ डिजाइन और उपयोगिता पर भी ध्यान दे रहे हैं।
चांदी की राखियां 1000 रुपए से
महंगे सेगमेंट के साथ बाजार में आम बजट के खरीदारों के लिए भी पर्याप्त विकल्प हैं। सर्राफा एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष हरख मालू के मुताबिक, चांदी की राखियों की कीमत करीब 1000 रुपए से शुरू हो रही है। वजन और डिजाइन के अनुसार इनकी कीमत 1500, 2000 रुपए और उससे अधिक तक है। ओम, स्वास्तिक, गणेश, रुद्राक्ष और अन्य धार्मिक प्रतीकों वाली राखियों की मांग बनी हुई है।
बच्चों से युवाओं तक अलग-अलग डिजाइन
सामान्य राखी बाजार में भी इस बार कई नए विकल्प आए हैं। बच्चों के लिए कार्टून और खिलौना थीम, युवाओं के लिए ब्रेसलेट व स्टाइलिश डिजाइन और पारंपरिक पसंद रखने वालों के लिए रुद्राक्ष, मोती और धार्मिक प्रतीकों वाली राखियां उपलब्ध हैं।
28 अगस्त को रक्षाबंधन
इस वर्ष रक्षाबंधन 28 अगस्त, शुक्रवार को मनाया जाएगा। राखी बांधने के शुभ समय के लिए पूर्णिमा तिथि और स्थानीय पंचांग को आधार माना जाएगा। अलग-अलग शहरों में पंचांग के अनुसार समय में अंतर हो सकता है। 28 अगस्त को आंशिक चंद्रग्रहण की खगोलीय घटना भी बताई गई है। इसके भारत में दिखाई देने और धार्मिक मान्यताओं से जुड़े निर्णय स्थानीय पंचांग के अनुसार ही किए जाएंगे।