जयंती स्टेडियम में जुटी भीड़ का चोरों ने उठाया फायदा; पार्किंग और हैलीपैड के आसपास से वाहन गायब, CCTV फुटेज से तलाश में जुटी पुलिस
दुर्ग-भिलाई। भिलाई के जयंती स्टेडियम में आयोजित पं. प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा में उमड़ी भारी भीड़ के बीच वाहन चोर भी सक्रिय रहे। 17 से 23 अगस्त तक चले आयोजन के दौरान कथा स्थल और आसपास से सात दोपहिया वाहन चोरी होने की शिकायतें पुलिस के पास पहुंची हैं। इनमें पांच बाइक और दो स्कूटी शामिल हैं। चोरी गए वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 1.38 लाख रुपए है। पुलिस ने सभी मामलों में अपराध दर्ज कर अब CCTV फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है।
भीड़ में वाहन खड़ा करना पड़ा महंगा
कथा सुनने के लिए रोज बड़ी संख्या में श्रद्धालु जयंती स्टेडियम पहुंचते थे। श्रद्धालु अपने वाहन पार्किंग, सड़क किनारे और हैलीपैड के आसपास खड़े कर पंडाल में चले जाते थे। इसी दौरान चोरों ने मौका पाकर एक के बाद एक वाहन पार कर दिए।
20 और 22 अगस्त को हुई कई वारदात
20 अगस्त को टी. चंदु राव पत्नी के साथ कथा सुनने पहुंचे थे। उन्होंने सुबह करीब 11 बजे होंडा बाइक पार्किंग में खड़ी की थी। करीब चार घंटे बाद लौटे तो बाइक गायब थी। इसकी कीमत लगभग 30 हजार रुपए बताई गई है।
22 अगस्त को शंकर लाल साहू और दर्शन लाल फुल्लारे की बाइक चोरी हो गई। दोनों ने अपनी-अपनी हीरो पैशन प्रो अलग-अलग समय पर खड़ी की थी। शाम को लौटने पर दोनों वाहन नहीं मिले।
15 मिनट में स्कूटी गायब
देव कुमार साहू रात करीब 9 बजे होंडा डियो स्कूटी खड़ी कर कथा पंडाल में गए थे। महज 15 मिनट बाद लौटे तो स्कूटी गायब मिली। वाहन की कीमत करीब 30 हजार रुपए बताई गई है।
इसी तरह आशीष चंदेल ने हैलीपैड के पास सुबह 10:30 बजे स्प्लेंडर प्लस खड़ी की थी। शाम 4 बजे लौटने पर बाइक गायब थी।
डिक्की में दस्तावेज भी थे
ज्योति साहू मां के साथ 20 अगस्त को एक्टिवा से कथा सुनने पहुंची थीं। गणेश द्वार के पास स्कूटी खड़ी कर वे पंडाल में चली गईं। अगले दिन लौटने पर स्कूटी नहीं मिली। डिक्की में आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस समेत जरूरी दस्तावेज रखे थे।
चुम्मन लाल देवांगन की स्प्लेंडर प्लस भी हैलीपैड के पास से चोरी हुई। उन्होंने रात करीब 7:30 बजे बाइक खड़ी की थी और तीन घंटे बाद लौटे तो वाहन गायब मिला।
CCTV फुटेज से सुराग तलाश रही पुलिस
लगातार वाहन चोरी की शिकायतों के बाद पुलिस ने सभी मामलों में केस दर्ज कर लिया है। कथा स्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सभी घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह है या अलग-अलग चोरों ने वारदात की। आयोजन स्थल पर लगातार चोरी की घटनाओं से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।