सिरसा एनीकट में दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने पहुंचा था सत्यदेव; पानी भरते समय बिगड़ा संतुलन, 18 घंटे बाद भी तलाश जारी
दुर्ग-भिलाई। शिवनाथ नदी के सिरसा एनीकट में शनिवार शाम जन्मदिन की पार्टी मनाने पहुंचे 26 वर्षीय युवक की तेज बहाव में बहने से तलाश जारी है। पार्टी खत्म होने के बाद बर्तन धोने के लिए नदी किनारे पहुंचे सत्यदेव मोहबिया पानी भर रहा था, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नदी में गिरकर बह गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई पता नहीं चल सका। रविवार सुबह दोबारा रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
पांच दोस्तों के साथ पहुंचा था सिरसा एनीकट
जेवरा सिरसा चौकी प्रभारी शमित मिश्रा के मुताबिक खुर्सीपार निवासी पांच युवक शनिवार को सिरसा एनीकट पहुंचे थे। सभी ने नदी किनारे जन्मदिन की पार्टी मनाई। दोपहर में खाना खाने के बाद शाम करीब 6 बजे दो युवक बर्तन साफ करने के लिए नदी किनारे गए थे।
पानी भरते समय अचानक बिगड़ा संतुलन
बताया गया कि सत्यदेव बर्तन में पानी भर रहा था। पानी भरने के बाद बर्तन का वजन बढ़ गया, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया। वह संभल पाता, इससे पहले ही नदी के तेज बहाव में गिर गया और बह गया।
साथ मौजूद युवक ने तत्काल शोर मचाकर दोस्तों को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर नदी में तलाश शुरू की।
अंधेरा होने पर रोका गया अभियान
एसडीआरएफ की टीम ने देर शाम तक नदी के आसपास और बहाव वाले क्षेत्र में युवक की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। अंधेरा बढ़ने के कारण अभियान रोकना पड़ा। रविवार सुबह टीम ने फिर से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया है।
परिवार में चिंता का माहौल
सत्यदेव बिहारी मोहल्ला, खुर्सीपार का निवासी बताया गया है। हादसे की सूचना मिलने के बाद उसके परिजन भी मौके पर पहुंच गए। करीब 18 घंटे से अधिक समय बीतने के बावजूद युवक का सुराग नहीं मिलने से परिवार की चिंता बढ़ गई है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी है।