मुंबई के लालबाग के राजा के दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, जयपुर से हैदराबाद तक आकर्षण का केंद्र बने भव्य पंडाल
मुंबई/जयपुर/भोपाल/पटना (ए)। गणेश चतुर्थी के साथ देशभर में गणेश महोत्सव का उल्लास छा गया है। अलग-अलग शहरों में भगवान गणेश की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। पर्यावरण संरक्षण से लेकर विकसित भारत और धार्मिक परंपराओं तक, इस बार पंडालों को विभिन्न संदेशों और आकर्षक विषयों पर सजाया गया है। गणपति स्थापना के साथ ही मंदिरों और सार्वजनिक मंडलों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ गई है।
इंदौर में 3 टन मिट्टी से तैयार हुए 14 फीट के गणेश
इंदौर के तिलक नगर में इस बार पर्यावरण संरक्षण और पशु कल्याण को केंद्र में रखकर गणेश प्रतिमा स्थापित की गई है। करीब 3 टन मिट्टी से तैयार की गई यह प्रतिमा 14 फीट ऊंची है। प्रतिमा के साथ पूरे पंडाल की सजावट भी प्रकृति और जीव-जंतुओं की सुरक्षा का संदेश देती नजर आ रही है।
हैदराबाद में 72 फीट ऊंची प्रतिमा आकर्षण का केंद्र
हैदराबाद के खैरताबाद में गणेशोत्सव के लिए 72 फीट ऊंची भगवान गणेश की विशाल प्रतिमा स्थापित की गई है। वहीं उप्पुगुडा में ‘विकसित भारत 2047’ की अवधारणा पर आधारित पंडाल तैयार किया गया है। यहां गणेश प्रतिमा के माध्यम से देश के भविष्य और विकास की तस्वीर प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है।
लालबाग के राजा के दर्शन को लंबी कतारें
मुंबई में प्रसिद्ध लालबाग के राजा की भव्य झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। इस वर्ष पंडाल को भगवान शिव की थीम पर सजाया गया है। पंडाल के बीच विशाल त्रिशूल विशेष आकर्षण पैदा कर रहा है। गणेश मंडल के अनुसार यह उसका 93वां गणेशोत्सव है। बप्पा के दर्शन के लिए श्रद्धालु लंबी कतारों में अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।
मोती डूंगरी मंदिर में देर रात तक दर्शन
जयपुर के प्रसिद्ध मोती डूंगरी गणेश मंदिर में सिंजारा महोत्सव और जन्मोत्सव के अवसर पर विशेष दर्शन व्यवस्था की गई है। श्रद्धालु सुबह 5 बजे से रात 11:40 बजे तक भगवान गणेश के दर्शन कर सकेंगे। मंदिर परिसर में उत्सव को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं।
पटना में मीनाक्षी मंदिर की तर्ज पर सजा पंडाल
पटना में इस बार मदुरई के प्रसिद्ध मीनाक्षी मंदिर की शैली में भव्य पंडाल तैयार किया गया है। यहां मुंबई के लालबाग के राजा की प्रतिकृति स्थापित की गई है। प्रतिमा करीब साढ़े 5 फीट ऊंची है और इसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुट रही है।
चट्टान पर उभरी गणेश प्रतिमा के दर्शन को पहुंच रहे भक्त
राजस्थान के झुंझुनू जिले के जाखल में पहाड़ी की चट्टान पर भगवान गणेश की उभरी हुई प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। गणेशोत्सव के अवसर पर यहां भी भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है।
मुंबई में विशाल महागणपति की स्थापना
मुंबई के किंग्स सर्कल, माटुंगा स्थित GSB सेवा मंडल में भी भव्य महागणपति की स्थापना की गई है। यह गणपति अपनी भव्यता और वैभव के कारण मुंबई के प्रमुख आकर्षणों में शामिल है और इसे आमतौर पर शहर के ‘सबसे अमीर गणपति’ के रूप में जाना जाता है।