चीरबासा में पहाड़ी से लगातार गिर रहे पत्थरों के चलते पैदल मार्ग बंद, 7 हजार यात्रियों को सुरक्षित गौरीकुंड भेजा गया; हेली सेवा शुरू
उत्तराखंड में मौसम की मार और पहाड़ी से गिरते पत्थरों ने केदारनाथ यात्रा की राह रोक दी है। चीरबासा के पास पैदल मार्ग पर लगातार पत्थर गिरने के कारण यात्रा लगातार तीसरे दिन भी बंद रही। सुरक्षा को देखते हुए करीब 7 हजार यात्रियों को सुरक्षित निकालकर गौरीकुंड की ओर भेजा गया है, जबकि 500 से अधिक तीर्थयात्री अभी भी रास्ते में फंसे हुए हैं। केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा शुरू कर दी गई है, लेकिन पैदल यात्रा पर फिलहाल रोक बरकरार है।
उत्तराखण्ड (ए)। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हो सके हैं। चीरबासा क्षेत्र में पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के कारण प्रशासन ने पैदल यात्रियों की आवाजाही रोक रखी है। मार्ग पर किसी तरह की अनहोनी से बचने के लिए सुरक्षा बल और बचाव दल यात्रियों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में जुटे हैं। अब तक करीब 7 हजार तीर्थयात्रियों को सुरक्षित निकालकर गौरीकुंड भेजा जा चुका है।
हालांकि, मार्ग बाधित होने के कारण 500 से अधिक यात्री अब भी फंसे हुए हैं। प्रशासन की प्राथमिकता यात्रियों को सुरक्षित निकालना है। केदारनाथ धाम के लिए हवाई मार्ग से यात्रा की सुविधा बहाल कर दी गई है और हेली सेवाएं शुरू हो चुकी हैं। मौसम और मार्ग की स्थिति का आकलन करने के बाद ही पैदल यात्रा शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा।
बिहार में बाढ़ का असर बढ़ा
बिहार में बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर से हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। राज्य के 15 जिलों में 49.67 लाख से अधिक लोग प्रभावित बताए गए हैं। पांच नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के 22 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए बारिश की संभावना जताई है।
उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में भी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 72 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। राजस्थान में 17 सितंबर तक बारिश की संभावना जताई गई है। हिमाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।
हरियाणा के आठ जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि पंजाब के 18 जिलों में भी बारिश की संभावना है। लगातार बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों में बदलते मौसम को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर सतर्कता बढ़ाई गई है।